By अंकित सिंह | May 05, 2022
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल 2022 किसी बुरे सपने से कम नहीं है। आईपीएल 2022 में चेन्नई ने अब तक 10 मुकाबले खेले हैं जिसमें से उसे 3 में जीत हासिल हुई जबकि 7 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। आईपीएल के शुरुआत से पहले ही चेन्नई ने इस बात का ऐलान कर दिया था कि इस बार उसके कप्तान रविंद्र जडेजा होंगे। रविंद्र जडेजा को चेन्नई में रिटेन भी किया था। लेकिन रविंद्र जडेजा की कप्तानी में चेन्नई को कुछ खास सफलता हासिल नहीं हुई। टीम का प्रदर्शन खराब रहैा। यही कारण रहा कि बीच प्रतियोगिता में ही जडेजा को कप्तानी छोड़नी पड़ी। जडेजा ने अपनी कप्तानी एक बार फिर से महेंद्र सिंह धोनी को सौंप दी।
धोनी की कप्तानी में चेन्नई ने अब तक दो मुकाबले खेले हैं। एक में उसे जीत मिली जबकि दूसरे में उसे हार मिली है। लेकिन सवाल यही है कि आखिर धोनी कब तक चेन्नई की नैया को पार लगाते रहेंगे? धोनी चेन्नई के लिए शुरू से कप्तानी कर रहे हैं और वह अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों से संन्यास ले चुके हैं। धोनी की उम्र भी 40 साल हो चुकी है। ऐसे में सवाल यही है कि आखिर धोनी की अनुपस्थिति में चेन्नई को की कप्तानी कौन करेगा। सूत्रों के मुताबिक महेंद्र सिंह धोनी इस बार के आखिर में आईपीएल से भी संन्यास की घोषणा कर सकते हैं। हालांकि इस को लेकर फिलहाल कोई पुष्टि नहीं हुई है। जब जाडेजा कप्तानी कर रहे थे, उस वक्त भी धोनी ही काफी सक्रय रहा करते थे। हालांकि रविंद्र जडेजा पर एक बार फिर से चेन्नई दांव लगाएगी, इसकी संभावना काफी कम है।
कप्तानी की रेस में यह खिलाड़ी आगे
मिल रही जानकारी के मुताबिक चेन्नई सुपर किंग्स ऋतुराज गायकवाड़ पर बड़ा दांव लगा सकती है। ऋतुराज गायकवाड़ युवा हैं। चेन्नई टीम से काफी दिनों से जुड़े हुए हैं। ऐसे में टीम मैनेजमेंट उन पर कप्तानी का दांव लगा सकती हैं। ऋतुराज का करियर भी लंबा होगा ऐसे में मैनेजमेंट का उन पर भरोसा भी ज्यादा रहेगा। ऋतुराज गायकवाड़ को मोटी रकम में चेन्नई ने टीम में बरकरार रखा था। शुरुआती कुछ मुकाबलों में ऋतुराज गायकवाड़ लय में नजर नहीं आ रहे थे। लेकिन एक बार फिर से वह अपनी पारी को मजेदार तरीके से खेल रहे हैं। आपको बता दें कि पिछले आईपीएल में ऋतुराज गायकवाड़ में सबसे ज्यादा रन बनाए थे।