दिल्ली के इतिवृत्त लेखक आर.वी. स्मिथ का निधन, केजरीवाल ने जताया दुख

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 30, 2020

नयी दिल्ली। दिल्ली के प्रतिष्ठित इतिवृत्त लेखक रोनाल्ड विवियन स्मिथ का बृहस्पतिवार को एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 83 वर्ष के थे। स्मिथ के परिवार ने बताया कि पिछले चार महीने से वह बढ़ती उम्र के कारण होने वाली परेशानियों से जूझ रहे थे। उनके पुत्र टोनी स्मिथ ने बताया, ‘‘सोमवार को सांस लेने में परेशानी होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य संबंधी कई परेशानियों, श्वसन संबंधी संक्रमण और किडनी फेल होने के कारण आज सुबह साढ़े सात बजे उनका निधन हो गया।’’ आगरा में 1938 में जन्मे स्मिथ, ग्वालियर आर्मी के कर्नल सल्वाडोर स्मिथ (1783-1871) के परिवार से हैं। इन्हीं कर्नल स्मिथ ने ग्वालियर के तत्कालीन राजा दौलत राव सिंधिया की सेना को प्रशिक्षण दिया था। स्मिथ ने अपनी शिक्षा सेंट पीटर्स कॉलेज और सेंट जॉन्स कॉलेज से की जहां से उन्होंने अंग्रेजी साहित्य में स्नात्कोत्तर की डिग्री प्राप्त की। 

इसे भी पढ़ें: पंचतत्व में विलीन हुए दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर, बेटी रिद्धिमा नहीं देख सकीं पिता का आखिरी बार चेहरा 

उन्होंने 1956 से ही अखबारों के लिए लिखना शुरू कर दिया था। पत्रकार पिता थॉमस स्मिथ से प्रभावित स्मिथ ने भी वही पेशा चुना और दिल्ली में समाचार एजेंसी प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (पीटीआई) और द स्टेटसमैन अखबार के लिए काम किया। 1996 में वह समाचार संपादक के पद से सेवानिवृत्त हुए। हालांकि उन्होंने लिखना नहीं छोड़ा और अंत-अंत तक (25 अप्रैल, 2020 तक) द हिन्दू तथा द स्टेटसमैन अखबारों के लिए लिखते रहे। उनकी प्रमुख किताबें हैं ‘दिल्ली : अननोन टेल्स ऑफ ए सिटी’, ‘द दिल्ली दैट नो वन नोज’ आदि। उन्होंने ताजमहल पर भी एक किताब लिखी है। सुबह मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए जानकारी दी थी कि वह कुछ समय से बीमार थे। 

इसे भी पढ़ें: ऋषि कपूर ने जाहिर की थी अपनी आखिरी ख्वाहिश, मरने से पहले देखना चाहते थे रणबीर के सिर पर सेहरा 

केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘हमारे शहर के क्रॉनिकलर आर. वी. स्मिथ का आज सुबह निधन हो गया। उनके काम ने हमारे शहर की यादों और कहानियों को जिंदा रखा है। उनका जाना दिल्ली वालों के लिए अपूर्णीय क्षति है। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और मित्रगण के साथ हैं।’’ स्मिथ के बारे में कभी लेखक खुशवंत सिंह ने कहा था कि बात जब दिल्ली के ज्ञात, कम ज्ञात और अज्ञात स्मारकों के बारे में लिखने की आती है तो, आर. वी. स्मिथ से बेहतर इस काम को और कोई नहीं करता। क्रॉनिकलर या इतिवृत्त लेखक वह व्यक्ति होता है जो किसी भी काल की घटनाओं को बिना किसी संदर्भ या परिप्रेक्ष्य के सीधे-सीधे, सिलसिलेवार तरीके से लिखता है।

प्रमुख खबरें

AIMIM और आजाद समाज पार्टी ने बनाया मोर्चा, Chandrashekhar Azad होंगे CM उम्मीदवार

DU Executive Council ने विरोध के बीच पास की 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट, HEFA कर्ज पर उठे सवाल

PM Narendra Modi बोले आजादी के बाद पहली बार Agriculture Growth चार फीसदी पार पहुंची

अरुणाचल में Nyishi समुदाय ने वापस ली आर्थिक नाकेबंदी, सरकार ने दिया कार्रवाई का भरोसा