IORA बैठक में बोले S Jaishankar, समुद्री जहाजों पर हमले कतई स्वीकार्य नहीं

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शुक्रवार को कहा कि हिंद महासागर वैश्विक व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा और कनेक्टिविटी के लिए बहुत महत्वपूर्ण है तथा समुद्री जहाजों एवं नाविकों पर बढ़ते हमलों को ‘‘बिल्कुल अस्वीकार्य’’ करार देते हुए कहा कि इस क्षेत्र के सभी तटीय देशों को इसकी सुरक्षा के लिए मिलकर काम करना चाहिए। ‘हिंद महासागर रिम एसोसिएशन’ (आईओआरए) की एक मंत्री-स्तरीय बैठक में अपने संबोधन के दौरान, जयशंकर ने समुद्री कानूनों, विशेष रूप से समुद्री कानून पर संयुक्त राष्ट्र समझौते (यूएनसीएलओएस) का सम्मान करने की अपील की। उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब वैश्विक समुद्री क्षेत्र में विवाद बढ़ रहे हैं, जिसमें दक्षिण चीन सागर में चीन द्वारा अपनी सैन्य ताकत का प्रदर्शन करना भी शामिल है।

भारत ने आईओआरए के वर्तमान अध्यक्ष के रूप में नयी दिल्ली में इस सम्मेलन की मेजबानी की। इस संगठन में ऑस्ट्रेलिया, इंडोनेशिया, दक्षिण अफ्रीका, केन्या, तंजानिया, मोजाम्बिक, सोमालिया, ओमान, यमन, बांग्लादेश, मलेशिया और थाईलैंड सहित 23 देश शामिल हैं। अमेरिका, यूरोपीय संघ और आईओआरए के कई अन्य संवाद साझेदार भी इस बैठक में शामिल हुए।

अपनी टिप्पणी में, जयशंकर ने उस विषय पर चर्चा की जिसे उन्होंने ‘‘बदलती वैश्विक व्यवस्था के अस्थिर पहलू’’ कहा तथा संघर्षों, टकरावों और व्यवधानों के प्रतिकूल प्रभावों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, ‘‘हिंद महासागर अपने समक्ष मौजूद चुनौतियों से निपटने के लिए विशेष रूप से तैयार है। वैश्विक विकास के लिए समुद्री व्यापार के महत्व को समझते हुए, हमें इसकी सुरक्षा और संरक्षा सुनिश्चित करनी होगी।

अंतरराष्ट्रीय कानून, विशेष रूप से समुद्री कानून पर संयुक्त राष्ट्र समझौते का सम्मान किया जाना चाहिए।’’ विदेश मंत्री ने कहा कि समुद्री जहाजों और नाविकों पर हमले ‘‘बिल्कुल अस्वीकार्य’’ हैं और इनके खिलाफ वैश्विक स्तर पर प्रतिक्रिया की जरूरत है। जयशंकर की ये टिप्पणियां ऐसे समय में आई हैं जब पश्चिम एशिया और काला सागर में व्यापारिक जहाजों पर हो रहे हमलों को लेकर वैश्विक चिंताएं बढ़ रही हैं। इन हमलों में कई भारतीय नाविकों की मौत हुई है।

उन्होंने कहा, ‘‘चाहे आतंकवाद का मुकाबला करना हो, नशीले पदार्थों का व्यापार हो, या फिर अवैध, बिना रिपोर्ट की गई और मछली पकड़ने की अनियंत्रित गतिविधियां हों; इसके अलावा जलवायु संबंधी घटनाओं और आपदा की स्थितियों से निपटना हो - हमें और अधिक आत्मनिर्भर बनने की जरूरत है। साथ ही अपने साझेदारों के साथ सहयोग करने को लेकर भी अधिक उत्साहित रहना होगा।’’ उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण ‘‘भू-राजनीतिक बदलावों’’ के इस दौर में, इस समूह को अपनी सामूहिक आवाज़ को और मज़बूत करना चाहिए तथा एक क्षेत्रीय मंच के रूप में अपनी भूमिका को और सुदृढ़ करना चाहिए। जयशंकर ने बैठक में अपनी शुरुआती टिप्पणी में कहा, ‘‘हिंद महासागर वैश्विक व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा, कनेक्टिविटी और आर्थिक समृद्धि के केंद्र में है।

यह क्षेत्र अत्यधिक विविधता, अवसरों और साझा चुनौतियों वाला भी है।’’ उन्होंने कहा कि आईओआरए के प्रति भारत का दृष्टिकोण और संगठन की अध्यक्षता के दौरान भारत की प्राथमिकताएं ‘महासागर’ दृष्टिकोण से निर्देशित हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले साल मार्च में मॉरीशस की यात्रा के दौरान ‘ग्लोबल साउथ’ के साथ भारत के जुड़ाव के लिए ‘महासागर’ दृष्टिकोण की घोषणा की थी। इसका पूरा नाम ‘म्यूचुअल एंड होलिस्टिक एडवांसमेंट फॉर सिक्योरिटी एंड ग्रोथ अक्रॉस रीजन’ (विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र प्रगति) है।

जयशंकर ने कहा कि आईओआरए के लिए भारत की थीम- ‘हिंद महासागर क्षेत्र में नवाचार, खुलापन, लचीलापन और अनुकूलन क्षमता’ इस विश्वास को दर्शाती है कि संगठन को विभिन्न चुनौतियों के प्रति संवेदनशील और उनके अनुरूप ढलने में सक्षम बने रहना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘इन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए सदस्य देशों के बीच बेहतर समन्वय, संवाद साझेदारों के साथ सार्थक सहयोग और व्यावहारिक सहयोग पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है।’’ जयशंकर ने कहा कि भारत आईओआरए के प्राथमिकता वाले क्षेत्रों और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहयोग को मजबूत करने के लिए काम कर रहा है, इसमें समूह के संवाद साझेदारों के साथ जुड़ाव को प्रगाढ़ करना और व्यावहारिक क्षेत्रीय पहल को बढ़ावा देना शामिल है। आईओआरए हिंद महासागर क्षेत्र में संतुलित आर्थिक विकास के लिए एक साझा दृष्टिकोण के माध्यम से समुद्री अर्थव्यस्था को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है, और इसके साथ ही समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में भी काम कर रहा है।

अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी इस सम्मेलन में अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैंने समुद्री परिवहन की स्वतंत्रता और समुद्री सुरक्षा, ऊर्जा, बुनियादी ढांचे तथा महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में सहयोग के प्रति अमेरिका की प्रतिबद्धता को दोहराया। वैश्विक व्यापार और समृद्धि के लिए खुला एवं मुक्त समुद्री मार्ग बहुत जरूरी हैं।’’

प्रमुख खबरें

Karthigai Deepam: तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर दीप जलाने के Supreme Court के आदेश पर भक्तों में खुशी

बिहार में 2030-31 तक बनेंगे 2 नए Greenfield Airport, 5 हवाई अड्डों का होगा कायाकल्प

TVK MLA Arul Vignesh गिरफ्तार, महिला जिला कलेक्टर के यौन उत्पीड़न का आरोप

संसद पोर्टल पर अपलोड होगा Delimitation Bill, 30 नवंबर को होगी BAC की बैठक