TVK MLA Arul Vignesh गिरफ्तार, महिला जिला कलेक्टर के यौन उत्पीड़न का आरोप

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026

तमिलनाडु में सत्तारूढ़ तमिल वेत्री कषगम (टीवीके) के कल्लाकुरिची विधानसभा क्षेत्र से विधायक सी. अरूल विग्नेश को एक महिला जिलाधिकारी की ओर से दर्ज कराई गई यौन उत्पीड़न की शिकायत के सिलसिले में शुक्रवार शाम उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि 36 वर्षीय विधायक को उनके घर से हिरासत में लिया गया।

विधायक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के बाद उनके आवास और कार्यालय के आसपास बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। यह गिरफ्तारी 23 नवंबर को औपचारिक शिकायत दर्ज कराए जाने के चार दिन बाद और कथित घटना के 117 दिन बाद हुई है। विग्नेश के खिलाफ तमिलनाडु महिला उत्पीड़न निषेध अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 75, 78, 79 और 132 समेत पांच धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

ये धाराएं यौन उत्पीड़न, पीछा करने, महिला की गरिमा का अपमान करने और लोक सेवक को उसके कर्तव्यों के निर्वहन से रोकने से संबंधित हैं। गिरफ्तारी से पहले विग्नेश ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार और राजनीति से प्रेरित बताते हुए खारिज किया था। सूत्रों ने बताया कि मामले की जांच तिरुप्पुर की पुलिस अधीक्षक सृष्टि सिंह के नेतृत्व में की जा रही है।

मामला कल्लाकुरिची महिला पुलिस थाने में दर्ज किया गया है। पुलिस महानिरीक्षक (प्रशासन) एन. कामिनी अदालत के निर्देश पर हो रही जांच की निगरानी कर रही हैं। कल्लाकुरिची की पुलिस अधीक्षक आई. शहनाज को 23 नवंबर को औपचारिक शिकायत मिली थी।

उन्होंने शुरुआती जांच करने के बाद संबंधित दस्तावेज सौंप दिए थे। कल्लाकुरिची महिला पुलिस थाने की निरीक्षक भुवनेश्वरी इससे पहले 25 नवंबर को विधायक के आवास पर व्यक्तिगत रूप से समन तामील करने गई थीं।

प्रमुख खबरें

IORA बैठक में बोले S Jaishankar, समुद्री जहाजों पर हमले कतई स्वीकार्य नहीं

Karthigai Deepam: तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर दीप जलाने के Supreme Court के आदेश पर भक्तों में खुशी

बिहार में 2030-31 तक बनेंगे 2 नए Greenfield Airport, 5 हवाई अड्डों का होगा कायाकल्प

संसद पोर्टल पर अपलोड होगा Delimitation Bill, 30 नवंबर को होगी BAC की बैठक