By अभिनय आकाश | Sep 14, 2026
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को कहा कि जॉइंट कमीशन की पिछली बैठक के बाद से भारत और वियतनाम के बीच द्विपक्षीय संबंधों में "काफी प्रगति" हुई है। उन्होंने दोनों देशों के बीच अपग्रेडेड व्यापक रणनीतिक साझेदारी पर ज़ोर दिया। वियतनाम के विदेश मंत्री ले होआई ट्रुंग के साथ बैठक में जयशंकर ने कहा कि मुझे यह देखकर बहुत खुशी हो रही है कि जॉइंट कमीशन की पिछली बैठक जो तीन साल पहले हुई थी। उसके बाद से हमारे द्विपक्षीय संबंधों में काफी प्रगति हुई है। वियतनाम से दो महत्वपूर्ण राजकीय दौरे हुए हैं, जिनमें सबसे हालिया दौरा वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम का है। इस दौरे के दौरान, हमारे नेताओं ने इसे एक बेहतर व्यापक रणनीतिक साझेदारी का रूप दिया। उन्होंने कहा कि इसलिए, यह 19वीं J.C.M. हमें किए गए वादों की समीक्षा करने और उच्चतम स्तर पर बनी राजनीतिक गति को अपने लोगों के लिए ठोस और स्पष्ट नतीजों में बदलने का एक बहुत ही मूल्यवान अवसर देती है।
बैठक के दौरान, पीएम मोदी ने 'पार्टनर कंट्री' के तौर पर ब्रिक्स समिट में वियतनाम की भागीदारी का स्वागत किया। विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों नेताओं ने आपसी संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा की। मई में वियतनाम की कम्युनिस्ट पार्टी के जनरल सेक्रेटरी और राष्ट्रपति 'तो लाम' की भारत यात्रा के दौरान इन संबंधों को 'एनहैंस्ड कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप' (बेहतर व्यापक रणनीतिक साझेदारी) का दर्जा दिया गया था। विदेश मंत्रालय की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दोनों नेताओं ने आपसी महत्व के विभिन्न क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया और भारत-वियतनाम साझेदारी को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और वियतनाम के बीच एक पुरानी और भरोसेमंद दोस्ती है, जो साझा सभ्यतागत विरासत, आपसी विश्वास और समझ पर आधारित है। मंत्रालय ने आगे कहा कि वियतनाम 'भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी' का एक मुख्य स्तंभ है और दक्षिण-पूर्व एशिया के साथ भारत के व्यापक जुड़ाव में एक महत्वपूर्ण भागीदार है।