Sabarimala Pilgrims के लिए Cochin Airport पर खुला विशेष सुविधा केंद्र

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 17, 2026

केरलम के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने शबरिमला जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए मंगलवार को यहां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विशेष सुविधा केंद्र का उद्घाटन किया। शबरिमला में दो महीने तक होने वाली मंडल-मकरविलक्कु तीर्थयात्रा शुरू होने के बाद मुख्यमंत्री ने ढोल-नगाड़ों और तुरही की धुन के बीच इस केंद्र का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने उद्घाटन समारोह में कहा कि देश और दुनिया के विभिन्न हिस्सों से शबरिमला आने वाले श्रद्धालुओं के लिए हवाई अड्डे पर एक अस्थायी विश्राम केंद्र (एडथावलम) तैयार किया गया है।

उन्होंने कहा कि इस केंद्र में देवस्वम हेल्प डेस्क, प्रसादम कूपन काउंटर, प्रीपेड टैक्सी बुकिंग सुविधा, शाकाहारी भोजन केंद्र, विश्राम स्थल और उड़ानों की वास्तविक समय की जानकारी देने वाली डिस्प्ले प्रणाली सहित कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा, ‘‘कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (सीआईएएल) इस केंद्र में और सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विचार करेगा।’’ पांच हजार वर्ग फुट में फैला यह केंद्र घरेलू आगमन टर्मिनल के पास पुलिस सहायता चौकी के बगल में स्थित है। यह चौबीसों घंटे खुला रहेगा।

केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की बस सेवाएं हवाई अड्डे से आने-जाने के लिए उपलब्ध हैं। इसके लिए तीर्थयात्री सुविधा केंद्र में टिकट बुकिंग काउंटर भी बनाया गया है।

प्रमुख खबरें

गोपाष्टमी पर गौ माता की परिक्रमा से दूर होगा तनाव, मिलेगा 33 कोटि देवताओं का आशीर्वाद

Reita Faria ने 1966 में जीता था Miss World का ताज, जानिए 17 नवंबर का इतिहास

Congress का Narendra Modi सरकार पर आरोप, खराब नीतियों से बेकाबू हुई महंगाई

झुंझुनूं में Panchayat Election के दौरान खूनी झड़प, घायल पूर्व सरपंच की मौत