BJP के जाल में उलझ गए सचिन पायलट, सुरजेवाला ने कहा- सरकार को गिराने की साजिश में थे शामिल

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 14, 2020

जयपुर। कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को कहा कि सचिन पायलट दिग्भ्रमित होकर भाजपा के जाल में उलझ गए और कांग्रेस की सरकार गिराने की साजिश में शामिल हो गए। इसके साथ ही पार्टी ने अपने विधायकों को स्पष्ट तौर पर कहा है कि सरकार व्यक्तियों पर नहीं बल्कि नीतियों व सिद्धांतों पर टिकी है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ बगावत करने वाले पायलट व उनके साथ गए दो मंत्रियों को उनके पद से हटा दिया। पायलट को प्रदेशाध्यक्ष पद से भी हटा दिया गया है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने इसकी घोषणा करने से पहले कहा, “हम सब को एक बात का खेद अवश्य है कि राजस्थान के उपमुख्यमंत्री, हमारे युवा साथी सचिन पायलट और कांग्रेस के कुछ विधायक व मंत्री साथी दिग्भ्रमित होकर भाजपा के षडयंत्र के जाल में उलझकर कांग्रेस की सरकार को गिराने की साजिश में शामिल हो गए।” 

उन्होंने कहा, “भाजपा ने एक षडयंत्र के तहत राजस्थान की आठ करोड़ जनता के सम्मान को चुनौती दी। भाजपा ने एक साजिश के तहत राजस्थान की बहादुर जनता द्वारा संपूर्ण बहुमत से चुनी गयी कांग्रेस की सरकार को अस्थिर कर गिराने की साजिश की।” उन्होंने कहा, “भाजपा ने धनबल व सत्ताबल के दुरुपयोग से ईडी व आईटी के दुरुपयोग से कांग्रेस पार्टी और निर्दलीय विधायकों की निष्ठा को खरीदने के प्रयास का नाकाबिले माफी जुर्म किया है।” सुरजेवाला ने कहा कि पार्टी ने पिछले दो दिनों में अनेक बार पायलट से संपर्क करने की कोशिश की। 

इसे भी पढ़ें: उपमुख्यमंत्री पद से हटाए जाने के बाद बोले पायलट, सत्य को परेशान किया जा सकता है, पराजित नहीं 

उन्होंने कहा, “पिछले 72 घंटे में सोनिया गांधी ने, राहुल गांधी ने, कांग्रेस के आला नेतृत्व ने सचिन पायलट से, हमारे दूसरे साथी मंत्रियों से हमारे विधायकों से लगातार संपर्क करने की कोशिश की।” कांग्रेस प्रवक्ता ने पार्टी विधायकों व नेताओं को स्पष्ट संकेत देते हुए कहा, “कांग्रेस की सरकार व्यक्तियों पर नहीं टिकी, कांग्रेस की सरकार नीतियों व सिद्धांतों पर टिकी है और कांग्रेस की सरकार राजस्थान की जनता के जनमत पर टिकी है।” उन्होंने कहा, “कांग्रेस की सरकार राजस्थान की सेवा के संकल्प पर टिकी है और पूरे पांच साल तक कांग्रेस की सरकार राजस्थान की जनता की सेवा के लिए दृढ़संकल्पित है।

प्रमुख खबरें

Elon Musk ने BJP को Reliance समर्थित कंपनियों के चंदे से जुड़ी खबरें साझा कीं

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन, Delhi में कड़ी सुरक्षा और रूट डायवर्जन लागू

Connaught Place Market शनिवार को बंद रहेगा, NDTA ने विरोध प्रदर्शन से नुकसान की जताई आशंका

भंगेल प्राथमिक चिकित्सालय से नवजात चोरी, Noida Police ने आरोपी महिला की तलाश में बनाई 3 टीमें