पंजाब में BJP और Akali Dal का समझौता हताशा भरा, Sachin Pilot ने साधा निशाना

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 25, 2026

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के एक बार फिर साथ आने को ‘हताशा का गठबंधन’ करार दिया एवं दावा किया कि राज्य में दोनों ही दलों के लिए कोई राजनीतिक जगह नहीं बची है। भाजपा और शिअद ने मंगलवार को इससे पहले अपने गठबंधन की घोषणा की। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का सबसे पुराना सहयोगी छह साल बाद फिर राजग में लौटा है।

इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यह स्पष्ट कर दिया कि मुख्यमंत्री पद शिरोमणि अकाली दल के पास जाएगा क्योंकि वह गठबंधन में ‘बड़े भाई’ की भूमिका में होगा। इस घटनाक्रम पर पंजाब के कांग्रेस मामलों के प्रभारी पायलट ने कहा, ‘‘यह एक कम्प्रोमाइज और हताशा का गठबंधन है क्योंकि दोनों में से किसी भी पार्टी ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि छह साल पहले वे क्यों अलग हुए थे।’’ कांग्रेस महासचिव पायलट ने सवाल किया, ‘‘ वे कौन से कारण थे जिनकी वजह से शिअद और भाजपा अलग हुए थे? क्या केंद्र सरकार या भाजपा ने देश की जनता को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कोई गारंटी दी है?

क्या उन्होंने अपने द्वारा बनाए गए काले कानूनों के लिए माफी मांगी है? और किसान आंदोलन के दौरान दिल्ली की सीमाओं पर अपनी जान गंवाने वाले सैकड़ों लोगों के प्रति अकाली दल का क्या रुख है?’’ पायलट ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘यहां किसी भी पार्टी के लिए कोई राजनीतिक जगह नहीं बची है। साथ वापस आना उनकी अपनी पसंद है; जनता ही यह तय करेगी कि बेहतर विकल्प कौन है।’’ शिअद ने तीन कृषि कानूनों को लेकर सितंबर, 2020 में भाजपा के साथ अपना 24 साल पुराना रिश्ता तोड़ दिया था।

बाद में ये कानून वापस ले लिये गये थे।

प्रमुख खबरें

Sourav Das का आरोप: युवाओं के आंदोलन से डरी सरकार, Oxford Union जाने से रोका गया

Karthigai Deepam पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन कराने में तमिलनाडु सरकार नाकाम: BJP

SAD-BJP गठबंधन पर पंजाब Congress का हमला, अस्तित्व बचाने के लिए बताया मौकापरस्त समझौता

बिहार में Tiger Analytics स्थापित करेगी AI डिलीवरी सेंटर, Samrat Choudhary ने दी जानकारी