बिहार में जे पी नड्डा ने कहा- पुलवामा और कश्मीर पर राहुल सहित कुछ नेताओं के बयान दुखद

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 01, 2020

पटना। भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शनिवार को कहा कि सरदार पटेल से प्रेरणा लेते हुए देश को संभालना सरकार की जिम्मेदारी है लेकिन यह दुखद है कि कश्मीर पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष का बयान लेकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान संयुक्त राष्ट्र में जाते हैं और पुलवामा की घटना के बाद देश के ही नेता ही सवाल उठाते हैं। स्वतंत्र भारत के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर यहां प्रदेश भाजपा के बुद्धिजीवि समागम को संबोधित कर रहे नड्डा ने कहा कि सरदार पटेल कांग्रेस पार्टी से थे और उनकी प्रतिमा कांग्रेस को लगाना चाहिए था।

उन्होंने कांग्रेस के शशि थरूर और मणिशंकर अय्यर के बयानों का भी उल्लेख किया और कहा कि मोदी का विरोध करते करते कांग्रेस के नेता देश का विरोध करने लगते हैं। आजादी के बाद भारत के पुनर्निर्माण में सरदार पटेल के योगदान का जिक्र करते हुए नड्डा ने कहा‘‘ सही मायने में भारत को एक करने का काम सरदार पटेल ने किया था और जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 के रूप में जो एक समस्या रह गई थी, उसका समाधान नरेन्द्र मोदी ने किया। अब एक देश में एक विधान, एक निशान और एक प्रधान साकार हो गया है।’’ नड्डा ने कहा, ‘‘ नीयत अच्छी रहे, तो नीति अच्छी रहेगी ही।सरदार पटेल की नीयत अच्छी थी, तो उनकी नीतियां अच्छी बनीं। जम्मू कश्मीर के बारे में हमारी नीयत अच्छी थी, तो वहां के लिए अच्छी नीति भी बनी है।’’ विपक्षी महागठबंधन पर निशाना साधते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कुछ लोग बिहार का विकास रोकना चाहते हैं, वे जंगलराज चाहते हैं।

तेजस्वी यादव के 10 लाख नौकरी देने के वादे पर तंज करते हुए नड्डा ने कहा कि उनके पिता की सरकार के दौरान कम से कम 20 लाख लोग राज्य से पलायन कर गए और अब राजद नेता 10 लाख नौकरी देने का वादा कर रहे हैं। उन्होंने कहा ‘‘ नरेंद्र मोदी के आने के बाद देश की राजनीति का स्वरूप बदला है और राजद जैसी पार्टी भी आज संकल्पपत्र निकालने लगी हैं... ये बदला हुआ बिहार है।नहीं तो इनका संकल्प पत्र सिर्फ यही होता था- न खाता न बही, जो कहें वही सही।’’ भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अराजक राजद, विध्वसंकारी भाकपा माले और कांग्रेस से विकास की अपेक्षा नहीं की जा सकती।

प्रमुख खबरें

Bengaluru की Startup Pronto पर बड़ा आरोप, AI Training के लिए घरों में हो रही Video Recording?

USA में भारतीय सेना का जलवा, Gulveer Singh ने National Record तोड़कर जीता सिल्वर मेडल

Harry Kane की हैट्रिक ने दिलाई Bayern Munich को डबल ट्रॉफी, एक सीजन में दागे रिकॉर्ड 61 गोल।

IPL 2026 Playoffs की तस्वीर साफ, Rajasthan की एंट्री के साथ ये Top-4 टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी