Saint Vincent and the Grenadines में हिंसक गोलीबारी, चार लोगों की मौत और चार अन्य घायल

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 27, 2026

कैरेबियाई द्वीप राष्ट्र सेंट विंसेंट एंड ग्रेनाडाइंस में गोलीबारी की एक घटना में चार लोगों की मौत हो गई। यह छोटा सा देश पर्यटन के लिए मशहूर है लेकिन यहां के अधिकारी गिरोहों के बीच हिंसा पर काबू पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। ‘रॉयल सेंट विंसेंट एंड ग्रेनाडाइंस’ पुलिस बल ने बताया कि शुक्रवार देर रात अधिकारियों को राजधानी किंग्सटाउन के पास स्थित ग्रीन हिल जिले में गोलीबारी होने की सूचना मिली थी।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है और गोलीबारी के कारण का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने शनिवार को हत्या की एक अन्य घटना की भी जानकारी दी और यह पता लगाया जा रहा है कि क्या उसका संबंध शुक्रवार रात की गोलीबारी से है। स्थानीय समाचार संस्थान ‘एनबीसी रेडियो’ से बातचीत में राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री सेंट क्लेयर लीकॉक ने इन घटनाओं की निंदा की।

उन्होंने कहा कि सेंट विंसेंट एंड ग्रेनाडाइंस एक शांतिपूर्ण देश है लेकिन यह गिरोहों से जुड़ी हिंसा की समस्या से जूझ रहा है। सेंट विंसेंट एंड ग्रेनाडाइंस पूर्व में ब्रिटिश उपनिवेश था। यह पूर्वी कैरेबियाई क्षेत्र में 32 द्वीपों और छोटे द्वीपों से मिलकर बना है तथा लंबे समय से इसकी आय का मुख्य स्रोत पर्यटन रहा है।

यह छोटा द्वीपसमूह अपने ज्वालामुखीय परिदृश्य, प्रवाल भित्तियों और सफेद रेत वाले समुद्र तटों के लिए प्रसिद्ध है। यहां कई निजी द्वीप भी हैं जो पर्यटकों के बीच लोकप्रिय हैं।

प्रमुख खबरें

Edible Oil: आयात शुल्क में कटौती से खाद्य तेल-तिलहन के दाम घटे, सरसों रही मजबूत

UNGA में Sergey Lavrov ने Germany की तनाव घटाने की अपील ठुकराई

बिहार के Piyush Jha का नवाचार: अपशिष्ट जल शोधन प्रणाली को UNDP से मिली मान्यता

JSSC CGL परीक्षा गड़बड़ी मामले में Jharkhand CID ने 3 अभ्यर्थियों को पकड़ा, कुल 19 गिरफ्तार