उत्तर प्रदेश विधानसभा परिसर में समाजवादी पार्टी का प्रदर्शन, कोडीन कफ सिरप मामले में सरकार पर लगाए आरोप

By रेनू तिवारी | Dec 22, 2025

उत्तर प्रदेश राज्य के विधानमंडल का शीतकालीन सत्र जो शुक्रवार को शुरू हुआ, वह 24 दिसंबर तक चलेगा। उत्तर प्रदेश विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन सोमवार को विधान भवन के मुख्य द्वार पर समाजवादी पार्टी (सपा) के सदस्यों ने कोडीन कफ सिरप के कथित अवैध कारोबार समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और सरकार विरोधी नारे लगाए।

इसे भी पढ़ें: महाराष्ट्र निकाय चुनाव में 'पैसे का खेल'? संजय राउत ने साधा निशाना, क्या यही लोकतंत्र है?

सपा सदस्यों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार पर संविधान और आरक्षण का हनन करने, मातृशक्ति के अधिकारों को कुचलने, छात्र-नौजवानों की नौकरियों में आरक्षण खत्म करने जैसे अन्य कई आरोप लगाए। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने पत्रकारों से कहा कि ‘‘यह प्रदर्शन करने की जरूरत इसलिए पड़ी क्योंकि सरकार विषयों को गंभीरता से नहीं ले रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह कोडीन बड़ा गंभीर मामला है और इसमें हजारों करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है। सरकार को शीघ्रता से कार्रवाई करनी चाहिए थी लेकिन उसने नहीं की। सरकार के पास तमाम संसाधन थे लेकिन जब समाजवादी पार्टी ने इस पर आवाज उठायी तो उसने कार्रवाई शुरू की लेकिन वह भी पर्याप्त नहीं है।’’ सपा के कई सदस्य अपनी पीठ पर कोडीन कफ सिरप घोटाले का पोस्टर लगाकर घूम रहे थे। सपा सदस्यों ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर सरकार और निर्वाचन आयोग पर मतदाताओं के नाम काटे जाने का आरोप लगाया।

इसे भी पढ़ें: बीएमसी चुनाव: नगर परिषद चुनावों में करारी हार के बाद जागा कांग्रेस का प्रेम, प्रकाश अंबेडकर की VBA से गठबंधन की तैयारी

सपा सदस्य चंद्रप्रकाश लोधी ने पत्रकारों से कहा कि केवल मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं। कोडीन कफ सिरप पर सरकार अपने लोगों को बचाने में लगी है और हम लोग आज इसके विरोध में सदन की कार्यवाही नहीं चलने देंगे। सपा सदस्य राम खिलाड़ी यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कोडीन कफ सिरप को लेकर माफिया ने 700 अवैध कंपनी बनाकर कारोबार शुरू किया लेकिन सरकार माफिया के आगे लाचार बनी हुई है।

News Source- PTI Information (पीटीआई-भाषा) 

प्रमुख खबरें

Delhi Metro के अर्पण केंद्रों पर जमा हुए 41 टन पुराने कपड़े, DMRC नए केंद्र खोलने की तैयारी में

PwC India और PwC US बनाएंगे 40000 कर्मचारियों वाली नई जॉइंट यूनिट

BJP सरकार मनमाने ढंग से काम कर विपक्ष पर लगा रही झूठे मुकदमे: Akhilesh Yadav

Indonesia में Java Sea के भीतर नौका पलटने से 130 लोग लापता, राहत कार्य तेज