By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026
समाजवादी पार्टी (सपा) ने शुक्रवार को चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने कुछ दिन पहले सड़क दुर्घटना में 14 वर्षीय किशोर की मौत के मामले में पार्टी कार्यकर्ताओं के कथित उत्पीड़न और उन्हें धमकाने की कार्रवाई नहीं रोकी, तो वह पूरे गोरखपुर मंडल में आंदोलन शुरू करेगी। सपा की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल अपने कार्यकर्ताओं के खिलाफ की जा रही कथित कार्रवाई के संबंध में प्रशासन से मुलाकात करेगा। पाल ने कहा, ‘‘गोरखपुर में 18 नवंबर को एक दुर्घटना में बच्चे की मौत हो गई थी और इस मामले में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को झूठे तौर पर फंसाया जा रहा है।
उन्हें धमकाया जा रहा है और पुलिस तथा प्रशासन की मदद से उनके घरों को घेरा जा रहा है।’’ उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्यकर्ताओं का कथित उत्पीड़न नहीं रुका तो पार्टी को पूरे गोरखपुर मंडल में आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। यह विवाद 18 नवंबर को हुए उस सड़क हादसे से जुड़ा है, जिसमें 14 वर्षीय एक लड़के की मौत हो गई थी। इसी दिन अखिलेश यादव ने गोरखपुर में एक राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित किया था।
गोरखपुर को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का राजनीतिक गढ़ माना जाता है। भाजपा और अन्य विपक्षी दलों ने आरोप लगाया था कि दुर्घटना में शामिल जेसीबी समाजवादी पार्टी के कार्यक्रम में इस्तेमाल की जा रही थी। सपा ने इस आरोप को खारिज करते हुए सोशल मीडिया पर सीसीटीवी कैमरे के फुटेज साझा किए थे।
पार्टी ने दावा किया था कि लड़का पहले एक रोडवेज बस से टकराया और उसके बाद जेसीबी की चपेट में आया। इसके अलावा, पाल ने रायबरेली में एक अन्य सड़क हादसे का मुद्दा भी उठाया, जिसमें एक स्कूली छात्रा की मौत हो गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय प्रशासन ने न तो डंपर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है और न ही मामले में कोई कार्रवाई शुरू की है।
उन्होंने रायबरेली प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। संवाददाता सम्मेलन के दौरान अखिलेश यादव ने छात्रा के परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी दी।