By प्रेस विज्ञप्ति | Feb 21, 2023
भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), केंद्रीय शैक्षिक प्रौद्योगिकी संस्थान (CIET) और राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) के संयुक्त तत्वाधान में 'मीडिया साक्षरता' पर पांच दिवसीय ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आरंभ किया गया। आईआईएमसी-एनसीईआरटी द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य ‘क्रिटिकल थिंकिंग’ को प्रोत्साहित करना है। 20 फरवरी से आरंभ यह कार्यक्रम 24 फरवरी 2023 तक, शाम 4:00 बजे से 5:00 बजे तक चलेगा।
आगामी सत्रों में इग्नू से प्रो. केएस अरुल, गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय से डॉ. कुलवीन त्रेहान, तथा गांधी स्मृति व दर्शन समिति से डॉ. वेदाभ्यास कुंडू शामिल होंगे, जो प्रतिभागियों के साथ शिक्षण और सीखने, विज्ञापन साक्षरता, मीडिया साक्षरता व अहिंसक संचार जैसे विषयों पर प्रकाश डालेंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम को एनसीईआरटी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर लाइव-स्ट्रीमिंग और पीएम ई-विद्या डीटीएच टीवी चैनल नंबर 6-12 के माध्यम से प्रसारित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रतिभागियों को अपने मीडिया साक्षरता कौशल में सुधार करने, मीडिया संदेशों और उनके प्रभाव की बेहतर समझ हासिल करने और अपने संदेश को तैयार करने के लिए मीडिया का उपयोग करने का तरीका सीखने के लिए एक उत्कृष्ट अवसर प्रदान करता है।