Maharashtra Assembly Speaker Rahul Narwekar पर संजय राउत का जमीन हड़पने का आरोप, मानहानि की चेतावनी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 23, 2026

शिवसेना (उबाठा) के नेता संजय राउत ने सोमवार को महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर पर रायगढ़ के अलीबाग में आदिवासी परिवारों की जमीन पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया और उन्हें पद से हटाए जाने की मांग की। वहीं, नार्वेकर ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि वह राउत के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राउत के आरोप उनकी पार्टी में बगावत के बाद शिवसेना विधायकों की अयोग्यता संबंधी मामले में उनके आदेश से जुड़े हैं।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को लिखे पत्र में, राउत ने अपने आरोपों के संबंध में तत्काल एवं स्वतंत्र जांच कराए जाने की मांग की। राउत ने पत्र में कहा कि विस्थापित आदिवासी परिवारों को उनकी मूल जमीन पर फिर से बसाया जाना चाहिए, या फिर उन्हें कोई उपयुक्त वैकल्पिक जगह एवं मुआवजा दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर और पुलिस प्रशासन संबंधित आदिवासियों को वहां से भगाने के लिए बल का प्रयोग कर रहे हैं।

अगर यह सब अध्यक्ष के दबाव में हो रहा है, तो नार्वेकर को तुरंत उनके पद से हटाना जरूरी है।’’ राउत ने कहा कि पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों की भूमिका की जांच होनी चाहिए। शिवसेना (उबाठा) के राज्यसभा सदस्य ने आरोप लगाया कि नार्वेकर और उनके पार्षद भाई मकरंद नार्वेकर काफी समय से अलीबाग तालुका में बड़े पैमाने पर जमीन खरीद रहे हैं, और उन्होंने गरीब आदिवासियों की जमीन को भी नहीं बख्शा है। राउत ने कहा, ‘‘महात्रोली गांव में कटकारी आदिवासी परिवार की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करना, उनका घर गिरा देना और पूरे परिवार को बेघर कर देना - यह महाराष्ट्र की छवि पर एक कलंक है।’’ उन्होंने दावा किया कि 24 मार्च 2024 और उसके बाद के दिनों में, रायगढ़ जिले में अलीबाग तालुका में महात्रोली गांव की कटकारी आदिवासी बस्ती (वाडी) में पीढ़ियों से रह रहे लगभग 20 आदिवासी परिवारों के घरों को अवैध रूप से गिरा दिया गया और उन्हें जबरन विस्थापित कर दिया गया।

राउत ने कहा कि फरवरी 2024 में नार्वेकर ने अपनी पत्नी सरोजिनी के नाम पर (15 एकड़) जमीन खरीदी थी। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘जब पता चला कि जमीन पर आदिवासियों के घर बने हुए हैं, तो नार्वेकर का एजेंट दशरथ पाटिल एक बड़ी भीड़ के साथ वहां पहुंचा और बिना किसी पूर्व सूचना के, जेसीबी का इस्तेमाल करके आदिवासियों के घरों को ढहा दिया।’’ राउत ने कहा, ‘‘जब आदिवासी-कटकारी परिवारों ने पीड़ा में गुहार लगाई, तो उन्हें अपनी बस्ती (वाडी) से दो-तीन किलोमीटर दूर किसी दूसरी जगह जाने के लिए मजबूर किया गया। कुछ परिवारों को थोड़ी-बहुत रकम दी गई, जबकि बाकी लोगों को कुछ भी नहीं मिला।

उन्हें धमकियां दी गईं।’’

प्रमुख खबरें

PM Modi ने नेपाल के विकास के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के पैकेज का किया ऐलान

Saryu-Kamla Express से जीवंत होंगे Ayodhya और मिथिला के संबंध, उद्घाटन पर बोले Yogi Adityanath

Gujarat के Safari Parks में Diwali पर पहुंचे 80000 से अधिक पर्यटक, 1.59 करोड़ की कमाई

SEBI FPI Disclosure Rules: विदेशी निवेश बढ़ाने की तैयारी में सेबी, लेकिन शेयर बाजार की पारदर्शिता पर उठे सवाल