By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 10, 2020
मुंबई। शिवसेना नेता संजय राउत ने शुक्रवार को कहा गया कि कुख्यात अपराधी विकास दुबे के एक मुठभेड़ में मारे जाने को लेकर आंसू बहाने की कोई जरूरत नहीं है और इसको लेकर आश्चर्य जताया कि पुलिस की कार्रवाई पर सवाल क्यों उठाए जा रहे हैं। कुख्यात अपराधी एवं कानपुर के बिकरू गांव में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले का मुख्य आरोपी विकास दुबे शुक्रवार सुबह कानपुर के भौती इलाके में कथित पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस के अनुसार उज्जैन से कानपुर लाते समय हुए सड़क हादसे में एक पुलिस वाहन के पलट जाने के बाद दुबे ने भागने का प्रयास किया।
मध्य प्रदेश पुलिस ने विकास दुबे को बृहस्पतिवार सुबह उज्जैन में महाकाल मंदिर के बाहर गिरफ्तार किया था और देर शाम उसे उत्तर प्रदेश पुलिस को सौंप दिया था। विपक्षी दलों ने हालांकि मुठभेड़ को लेकर उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार पर निशाना साधा। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने पुलिस मुठभेड़ के साथ ही उस हमले की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में जांच की मांग की जिसमें गत सप्ताह आठ पुलिसकर्मी मारे गए थे।