विकास दुबे के एनकाउंटर पर सुरजेवाला ने पूछे कई सवाल, कहा- क्या राज थे जो शासन से गठजोड़ को उजागर करते

randeep singh surjewala

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने अपराधी विकास दुबे के एनकाउंटर के विषय पर ट्वीट कर कहा कि उस अपराधी के पास क्या राज थे जो सत्ता-शासन से गठजोड़ को उजागर करते ?

नयी दिल्ली। कांग्रेस ने कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के आरोपी विकास दुबे के कथित मुठभेड़ में मारे जाने के बाद शुक्रवार को सवाल किया कि इस अपराधी के पास ऐसे क्या राज थे जो शासन से गठजोड़ को उजागर करते। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने यह दावा भी किया कि कई लोगों ने ऐसी आशंका जताई थी कि दुबे मुठभेड़ में मारा जाएगा। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ विकास दुबे मुठभेड़ में मारा गया। कई लोगों ने पहले ही ये आशंका जताई थी। लेकिन अनेकों सवाल छूट गए।’’ 

इसे भी पढ़ें: विकास दुबे एनकाउंटर पर प्रियंका ने उठाए सवाल, कहा- अपराध को संरक्षण देने वाले लोगों का क्या ? 

सुरजेवाला ने सवाल किया, ‘‘अगर उसे भागना ही था, तो उसने उज्जैन में आत्मसमर्पण ही क्यों किया? उस अपराधी के पास क्या राज थे जो सत्ता-शासन से गठजोड़ को उजागर करते? पिछले 10 दिनों की कॉल डिटेल जारी क्यों नहीं की जाए?’’ गौरतलब है कि कानपुर के बिकरू गांव में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले का मुख्य आरोपी और कुख्यात अपराधी विकास दुबे शुक्रवार सुबह कानपुर के भौती इलाके में कथित पुलिस मुठभेड़ मे मारा गया। दुबे को बृहस्पतिवार को मध्य प्रदेश के उज्जैन से गिरफ्तार किया गया था।

इसे भी देखें: Vikas Dubey भागते समय Encounter में ढेर

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़