Sanju Samson की आक्रामक पारी से Kerala ने Chhattisgarh को हराया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 01, 2025

संजू सैमसन ने सलामी बल्लेबाज के तौर पर वापसी करते हुए 15 गेंद में 43 रन की आक्रामक पारी खेलकर सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के एलीट ग्रुप ए मैच में छत्तीसगढ़ के खिलाफ केरल को आठ विकेट से जीत दिलाई। सैमसन ने अपनी पारी में पांच छक्के जड़े जिससे केरल ने महज 10.4 ओवर में ही जीत के लिए मिले 121 रन के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया।

छत्तीसगढ़ के लिए सिर्फ संजीत देसाई (23 गेंदों में 35 रन) ही कुछ बड़े शॉट लगा पाए लेकिन टीम की पारी लय हासिल करने में नाकाम रही। सैमसन ने लक्ष्य का पीछा करते हुए शीर्ष क्रम में मोर्चा संभाला और केरल ने 56 गेंद शेष रहते जीत हासिल कर ली। सैमसन को एशिया कप से शुभमन गिल की टी20 टीम में वापसी के बाद मध्यक्रम में बल्लेबाजी कराई जा रही थी लेकिन वह इस स्थान पर कभी सहज नहीं दिखे।.

छत्तीसगढ़ के खिलाफ उन्होंने चिर-परिचित अंदाज में शीर्ष क्रम पर वापसी करते हुए तेज गेंदबाज रवि किरण की गेंद पर स्क्वायर के पीछे और मिड-विकेट पर दो छक्के लगाए और बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर अजय मंडल की गेंद पर डीप मिड-विकेट बाउंड्री के ऊपर तीन छक्के लगाए जिससे पांचवें ओवर तक केरल का स्कोर 72 रन हो चुका था। किरण ने आनंद राव की गेंद पर सैमसन का कैच लपका।

केरल ने इसके बाद आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। ग्रुप के एक अन्य मैच में प्रतिभाशाली रियान पराग एक बार फिर से संघर्ष करते हुए दिखे। रियान ने 19 गेंद में 14 रन बनाये जिससे असम की टीम सात विकेट पर 132 रन ही बना सकी।

रेलवे ने तीन विकेट से इस मैच को जीत लिया। साहिल जैन ने 29 गेंद में 38 रन की पारी खेल कर असम को 130 रन के स्कोर के पार पहुंचाने में अहम योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए रेलवे ने 115 रन पर सात विकेट गंवा दिये थे और टीम को आखिरी 13 गेंद में 18 रन की जरूरत थी। अनुभवी कप्तान कर्ण शर्मा (16 गेंद में 24 रन) ने दबाव में धैर्य का परिचय देने के साथ छक्का लगाकर दो गेंद शेष रहते रेलवे को जीत दिला दी।

प्रमुख खबरें

Oman के पास भारतीय जहाज संकट में, 14 क्रू मेंबर्स की जिंदगी दांव पर, मदद को आगे आई US Navy

NEET-UG Re-Exam: CM Dhami सरकार का छात्रों को बड़ा तोहफा, Uttarakhand में फ्री बस सफर का ऐलान

चेहरे के Open Pores से हैं परेशान? अपनाएं यह 3-Step Skin Care Routine, दिखेगा असर

Udhampur की अभिलाषा बनीं मिसाल, Spice Business से स्थानीय महिलाओं को बनाया आत्मनिर्भर