Sansad Diary: Lok Sabha से Rajya Sabha तक सियासी संग्राम, PM का भाषण भी टला

By अंकित सिंह | Feb 04, 2026

केंद्र और विपक्ष के बीच जारी गतिरोध के कारण बुधवार को लोकसभा की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शाम 5 बजे लोकसभा में भाषण देना था, लेकिन उनका भाषण अब स्थगित कर दिया गया है। आज सुबह संसद परिसर के भीतर विरोध प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस सांसदों ने 'एलओपी को बोलने दो' के नारे लगाए। राज्यसभा में विपक्ष के सांसद मल्लिकार्जुन खरगे ने सदन को संबोधित करते हुए जाति जनगणना, महिला सशक्तिकरण, केंद्रीय योजनाओं और मणिपुर से जुड़े मुद्दों को उठाया। आपको बता दें कि बजट सत्र 65 दिनों में 30 बैठकों तक चलने वाला है और 2 अप्रैल को समाप्त होगा। वहीं, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने पहले लोकसभा में और फिर राज्यसभा में अपनी ओर से भारत एवं अमेरिका के बीच हुए व्यापार समझौते पर एक वक्तव्य दिया।

लोकसभा की कार्यवाही

विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण बुधवार को लोकसभा की कार्यवाही तीन बार के स्थगन के बाद शाम पांच बजे दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। सदन में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण से जुड़े मुद्दे उठाने की अनुमति नहीं मिलने और आठ विपक्षी सदस्यों के निलंबन के मुद्दे पर गतिरोध की स्थिति बनी हुई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे ने बुधवार को लोकसभा में कुछ किताबों का जिक्र करते हुए पंडित जवाहरलाल नेहरू और कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधा और इस मुद्दे पर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण भी सदन की कार्यवाही एक बार स्थगित करनी पड़ी। 

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर इशारों-इशारों में पलटवार करते हुए कहा कि सदन में बोलने की अनुमति देना या नहीं देना नियम-पक्रिया से निर्धारित होता है। राहुल गांधी ने मंगलवार को बिरला को पत्र लिखकर उन पर सरकार के इशारे पर खुद को सदन में बोलने से रोकने का आरोप लगाते हुए कहा था कि यह लोकतंत्र पर ‘काला धब्बा’ है। 

राज्यसभा की कार्यवाही

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बुधवार को राज्यसभा में कहा कि देश में नक्सलवाद मार्च 2026 तक पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार की ‘कतई बर्दाश्त नहीं नीति’ के चलते नक्सली हिंसा में तेज गिरावट आई है।

राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की पृष्ठभूमि में बुधवार को सरकार पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने देश के किसानों के हितों के साथ समझौता किया है। उच्च सदन में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान उन्होंने भारत-अमेरिका समझौते का जिक्र करते हुए कहा कि यह पूरी तरह से किसान विरोधी है और इससे भारतीय किसान तबाह हो जाएंगे। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि संसद का सत्र चल रहा है लेकिन सांसदों को इस समझौते की जानकारी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिली। खरगे ने इसे संसद का अपमान बताया।

राज्यसभा में बुधवार को कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने व्यवस्था का प्रश्न उठाते हुए वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल द्वारा सत्र के दौरान संसद के बाहर भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर प्रेस वार्ता करने पर चिंता व्यक्त की। तिवारी ने शून्यकाल के दौरान नियम 258 का हवाला देते हुए कहा, “सदन नियमों और परंपराओं के अनुसार चलता है। सदन की परंपरा रही है कि जब संसद का सत्र चल रहा हो, तो नीतिगत मुद्दों को सदन के बाहर नहीं उठाया जा सकता। हालांकि, कल वाणिज्य मंत्री ने व्यापार समझौते पर प्रेस वार्ता की।” 

राज्यसभा में बुधवार को सदन के नेता जगत प्रकाश नड्डा ने दावा किया कि विपक्ष 11 साल से अपनी कोई साख नहीं बना पाया है। उन्होंने यह सलाह भी दी कि कौशल विकास मंत्रालय में विपक्ष के लिए एक कौशल विकास कार्यक्रम नि:शुल्क चलाया जाना चाहिए। उच्च सदन में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर पेश किए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए सदन के नेता जे पी नड्डा ने कहा कि यह अभिभाषण अमृतकाल को प्रतिबिंबित करता है और देश की 150 करोड़ लोगों की आशाओं का घोषणापत्र है।

इसे भी पढ़ें: पूर्व आर्मी चीफ की अनपब्लिश्ड बुक और संसद में हंगामा! जनरल नरवणे की किताब में चीन पर ऐसा क्या लिखा है?

केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याण की योजनाओं को पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस द्वारा लागू न किए जाने का दावा करते हुए राज्यसभा में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के सामिक भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि प्रतिशोध की राजनीति का खामियाजा राज्य की आम जनता भुगत रही है।

प्रमुख खबरें

Eye Makeup Mistakes: काजल लगाते समय ये 5 गलतियां न करें, आंखें दिखेंगी छोटी और डल

West Asia War: IEA की चेतावनी- 1970 से भी बड़ा होगा Energy Crisis, दुनिया भर में मचेगी हाहाकार।

एचडीएफसी बैंक शेयर में गिरावट, लक्ष्य मूल्य कटौती और प्रबंधन विवाद से बढ़ी चिंता

Hormuz Strait पर Iran की चेतावनी से सहमा बाजार, Crude Oil महंगा, Gold Price धड़ाम!