By एकता | Apr 09, 2026
बॉलीवुड अभिनेत्री सान्या मल्होत्रा और मशहूर सितार वादक ऋषभ रिखिराम शर्मा के बीच ब्रेकअप की खबरें इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक साल से ज्यादा समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद अब दोनों अलग हो गए हैं। इस कथित ब्रेकअप की चर्चा तब और तेज हो गई जब प्रशंसकों ने गौर किया कि दोनों ने इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया है।
हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, दोनों ने बहुत ही शांति से अपनी राहें जुदा कर ली हैं। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि ऋषभ शायद अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं, हालांकि वे अपने नए रिश्ते को पूरी तरह निजी रख रहे हैं। पूरे रिश्ते के दौरान सान्या और ऋषभ ने कभी भी सार्वजनिक रूप से अपने प्यार को स्वीकार नहीं किया और न ही वे कभी एक कपल के तौर पर मीडिया के सामने आए।
इन दोनों के रिश्ते की खबरें सबसे पहले साल 2025 की शुरुआत में तब सामने आईं, जब सोशल मीडिया पर उनकी साथ में समय बिताते हुए कुछ तस्वीरें वायरल हुई थीं। रेडिट पर एक यूजर ने ऐसी तस्वीरें शेयर की थीं जिसमें दोनों एक ही जगह पर मौजूद थे। एक फोटो में ऋषभ एक फैन के साथ पोज दे रहे थे और सान्या उनके ठीक पास खड़ी थीं, जिससे फैंस को उनके साथ होने का हिंट मिला।
इसके बाद उन्हें एक ही इवेंट में अलग-अलग समय पर एक ही व्यक्ति के साथ फोटो खिंचवाते हुए भी देखा गया। दिसंबर 2024 में भी कुछ लोगों ने उन्हें एक कार्यक्रम में साथ देखने का दावा किया था। हालांकि उन्होंने हमेशा इसे लो-प्रोफाइल रखा, लेकिन इन छोटी-छोटी कड़ियों ने उनके अफेयर की चर्चा को हवा दी।
अपने रिश्ते को लेकर चल रही तमाम अटकलों के बावजूद सान्या और ऋषभ ने कभी भी चुप्पी नहीं तोड़ी। वे सार्वजनिक स्थानों पर साथ दिखने से बचते थे और यदि कभी किसी एक ही इवेंट में शामिल होते भी थे, तो इस बात का पूरा ध्यान रखते थे कि वहां से अलग-अलग ही निकलें। उनकी इस सावधानी की वजह से लंबे समय तक उनका रिश्ता छिपा रहा, लेकिन लगातार मिलती जुली तस्वीरों और लोकेशन की वजह से अफवाहें कभी पूरी तरह शांत नहीं हो पाईं।
काम की बात करें तो सान्या मल्होत्रा को आखिरी बार 2025 की फिल्म 'सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी' में देखा गया था। अब वे अपनी अगली नेटफ्लिक्स फिल्म 'टोस्टर' की रिलीज के लिए तैयार हैं, जिसमें उनके साथ राजकुमार राव नजर आएंगे। यह फिल्म 15 अप्रैल को स्ट्रीम होने वाली है।
दूसरी ओर, ऋषभ रिखिराम शर्मा अपने संगीत के सफर में व्यस्त हैं। वे अपने मशहूर कॉन्सर्ट 'सितार फॉर मेंटल हेल्थ' के लिए दुनिया भर का दौरा कर रहे हैं, जहां वे शास्त्रीय संगीत के जरिए मानसिक शांति और जागरूकता फैलाने का काम कर रहे हैं।