विकास के माप, नाप और पोल (व्यंग्य)

By संतोष उत्सुक | Mar 04, 2021

विकास का एक माप यह है कि हर क्षेत्र में उत्पादन बम्पर हो लेकिन पेट आराम से न भर पाए। नाप यह है कि महत्त्वपूर्ण स्वास्थ्य पोषण रिपोर्ट में स्तर पिछले साल से भी नीचे खिसक जाए तो क्या। पोल खोलने से बेहतर है मानव विकास सूचकांक की प्रक्रिया होनी ही नहीं चाहिए ताकि दर्जनों परेशानियां लुप्त रहें और सामाजिक कार्यकर्ता, शोधकर्ता व विश्लेषकों का सिर दर्द न रहे या कम रहे। लैंगिक समानता के मानक भी अगर संतुष्ट करने लायक न हों तो घोषित करने से पहले अच्छी तरह से सेंसर किए जाने चाहिए। ईशोपनिषद में सबके लिए बराबर विकास की विशुद्ध भारतीय दृष्टि के संदर्भ उद्धृत किए जाने की मनाही होनी चाहिए। कुपोषण को राष्ट्रीय धर्म मान लेने बारे संजीदा विचार करना चाहिए ताकि जनसंख्या स्वत कम होते रहना बुरा न लगे।

हमारा समाज धार्मिक, पारम्परिक, सांस्कृतिक व सभ्य है फिर भी कुछ चीज़ें ज़िंदगी का हिस्सा नहीं हो सकती। इसके मद्देनज़र ग्लोबल जेंडर गैप इंडेक्स अमान्य किया जा सकता है। हमारे अपनों के पास इतना पैसा है फिर भी प्रति व्यक्ति डीजीपी बहुत कम डॉलर है, यह हमारी सरलता, सादगी, सौम्यता व सहनशीलता की ख़ूबसूरती है। वैसे भी दो काम एक साथ नहीं हो सकते जैसे विकास और मानव विकास साथ साथ होने संभव नहीं। जब दो गज की उचित दूरी बरकरार रखना संभव नहीं हो पाया तो यह भी कैसे हो सकता है। 

इसे भी पढ़ें: उचित दूरी का मतलब... (व्यंग्य)

पर्यावरण सम्बद्ध सूचना अनुसार भारत में सबसे अधिक लोगों की मृत्यु बताई जाती है इसका कारण यहां जनसंख्या का ज़्यादा होना और मेहनती और जांबाज़ होना है। अब ज़रूरत यह है कि वैश्विक भूखमरी सूचकांक, मानव विकास सूचकांक, समग्र पर्यावरण प्रदर्शन, विश्व प्रेस स्वतंत्रता सूचकांक, स्वच्छता एवं पेयजल सूचकांक, जैव विविधता, प्रदूषक तत्व उत्सर्जन सूचकांक जैसे सूचकांकों को हमारी लोकतांत्रिक फ़िज़ा में प्रवेश करने की अनुमति नहीं देनी चाहिए। स्वास्थ्य, पोषण, रोज़गार, कृषि, पर्यावरण, शिक्षा, न्याय, समानता जैसी दुविधाओं को हमेशा के लिए विचारों से बाहर कर देना चाहिए। विकासजी के रास्ते से कुछ तो अवांछित हटाना ही पड़ेगा।  

- संतोष उत्सुक

प्रमुख खबरें

NCST ने Kishtwar में नाबालिग दुष्कर्म मामले पर लिया संज्ञान, 5 दिन में मांगा जवाब

Telangana Congress ने Revanth Reddy के खिलाफ विवादित बयान पर सख्त एक्शन की सिफारिश की

Haiti Attack: हथियारबंद गिरोह ने 47 लोगों को मारा, 50 से अधिक का अपहरण

Kanpur Nagar Nigam में वसूली और ठेका हेराफेरी पर 2 गिरफ्तार, 6 केस दर्ज