Manipur Tension : मणिपुर में तनाव बढ़ा, दो बच्चों की मौत के विरोध में उतरा जनसैलाब, कर्फ्यू का उल्लंघन कर निकाली गईं रैलियां

By रेनू तिवारी | Apr 09, 2026

मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में एक घर पर हुए बम हमले में दो मासूम बच्चों की जान जाने के बाद राज्य के घाटी जिलों में हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। बृहस्पतिवार को इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर जिलों में हजारों लोग कर्फ्यू का उल्लंघन करते हुए सड़कों पर उतर आए। टायर जलाकर और अवरोधक लगाकर प्रदर्शनकारियों ने अपना गुस्सा जाहिर किया। इंफाल पश्चिम जिले के टिडिम लाइन में संगठन ‘ऑल मणिपुर यूनाइटेड क्लब्स ऑर्गनाइजेशन’ (एएमयूसीओ) के तत्वावधान में सैकड़ों लोगों ने क्वाकेइथेल के पास स्थित संगठन के कार्यालय से रैली निकाली, जिसमें हत्याओं की निंदा की गई और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई।

घटना के तुरंत बाद लगभग 500 प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने ट्रोंगलाओबी से कुछ सौ मीटर दूर गेलमोल के पास स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के शिविर पर धावा बोल दिया और तोड़फोड़ करने लगे तथा सुरक्षा वाहनों को जला दिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों द्वारा की गई गोलीबारी में तीन प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई जबकि 30 अन्य लोग घायल हो गए। बृहस्पतिवार को इंफाल पश्चिम जिले के समुरो में भी सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के आधिकारिक बंगले की ओर बढ़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।

इसे भी पढ़ें: West Bengal में Modi के 6 बड़े वादों ने हिला दिये सत्ता के सारे समीकरण, TMC के लिए आगे की राह मुश्किल

प्रदर्शनकारियों ने बिष्णुपुर जिले के मोइरांग लामखाई और निंगथौखोंग में टायर जलाए और वाहनों की आवाजाही रोक दी। इंफाल पूर्व जिले के खुराई एवं थौबल और काकचिंग जिलों के कुछ हिस्सों से भी टायर जलाने की इसी तरह की घटनाएं सामने आईं।

बुधवार रात को इंफाल पूर्व जिले के खुराई लामलॉन्ग में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़पें हुईं, जहां प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया जिसके बाद सुरक्षा बलों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। इससे पहले ट्रोंगलाओबी घटना के बाद चलाए गए अभियानों के दौरान पुलिस ने यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी के तीन संदिग्ध सदस्यों को गिरफ्तार किया था। हालांकि, पुलिस ने अब तक यह पुष्टि नहीं की है कि गिरफ्तार किए गए लोग विस्फोट से सीधे तौर पर जुड़े थे या नहीं।

प्रमुख खबरें

10 मिनट में चाहिए High Protein नाश्ता? बिना दाल भिगोए ऐसे बनाएं क्रिस्पी मसूर डोसा, देखें Recipe

Ekadashi Rules: एकादशी व्रत में भूलकर भी न करें ये 5 गलतियां, Lord Vishnu हो सकते हैं नाराज

Bollywood Wrap Up | Sapna Choudhary Domestic Violence Case | सपना चौधरी और वीर साहू का विवाद

Plant Based Protein का बढ़ता Trend: क्या ये Complete Protein है? जानिए इसका पूरा सच