By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 24, 2026
उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना का एक वीडियो सामने आने के बाद रविवार को विवाद हो गया, जिसमें वह उन्नाव में कथित रूप से राष्ट्रगान के बीच कार्यक्रम से जाते हुए दिख रहे हैं। महाना ने इस वीडियो पर सफाई देते हुए कहा कि जिस जगह उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया, वहां राष्ट्रगान नहीं बजाया गया था। वायरल वीडियो में महाना को पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने के बाद राष्ट्रगान सुनाई दे रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद इसे लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं। उन्नाव जिला कांग्रेस कमेटी के नेता दिनेश शुक्ला ने आरोप लगाया कि विधानसभा अध्यक्ष ने प्रोटोकॉल के तहत ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ लिया और राष्ट्रगान के दौरान वहां से चले गए। उन्होंने सवाल किया, क्या यह राष्ट्रगान का अपमान नहीं है?
दूसरी ओर, कार्यक्रम आयोजकों ने बताया कि जिस स्थान पर महाना मौजूद थे, राष्ट्रगान वहां से काफी दूरी पर चलाया गया था। वायरल वीडियो के बारे में पूछे जाने पर महाना ने पीटीआई-को बताया कि जिस जगह उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया, वहां राष्ट्रगान नहीं बजाया गया था। महाना ने कहा, जिस जगह मुझे गार्ड ऑफ़ ऑनर दिया गया, वहां राष्ट्रगान नहीं बजाया गया।
जब किसी मेहमान वीआईपी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाता है, तो तय नियमों के अनुसार राष्ट्रगान नहीं बजाया जाता। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगान कार्यक्रम स्थल पर बजाया गया था, लेकिन वह उस जगह पर नहीं थे जहां वह बजाया जा रहा था।