By अभिनय आकाश | Nov 13, 2026
एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने शुक्रवार को घोषणा की कि उन्होंने क्षेत्र के मौजूदा हालात को देखते हुए रियाद और दम्मम के लिए (और वहां से आने वाली) उड़ानों को 30 नवंबर तक, तथा जेद्दा के लिए उड़ानों को 21 नवंबर तक निलंबित कर दिया है। एक्स पर एक आधिकारिक पोस्ट में एयर इंडिया ने बताया कि इन दोनों एयरलाइंस की सऊदी अरब के शहरों से जुड़ने वाली उड़ानों के लिए यह निलंबन लागू रहेगा। जिन यात्रियों के पास 10 नवंबर या उससे पहले की कन्फर्म बुकिंग है, और जिनकी यात्रा की तारीख रियाद और दम्मम के लिए 30 नवंबर तक, तथा जेद्दा के लिए 21 नवंबर तक है, वे उपलब्धता के आधार पर अपनी यात्रा को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के रीशेड्यूल (पुनर्निर्धारित) कर सकते हैं, या बुकिंग रद्द करके पूरा रिफंड ले सकते हैं। एयरलाइन ने बताया कि एयर इंडिया के यात्री सऊदी अरब में एयर इंडिया के किसी भी चालू स्टेशन से या वहां तक की अपनी यात्रा को रीशेड्यूल कर सकते हैं। एयर इंडिया एक्सप्रेस के यात्रियों के पास सऊदी अरब या बहरीन में एयर इंडिया एक्सप्रेस के किसी भी चालू स्टेशन से या वहां तक की यात्रा को रीशेड्यूल करने का विकल्प होगा।
रियाद और दम्मम की बुकिंग वाले यात्री 14 दिसंबर 2026 तक अपनी यात्रा पूरी कर सकते हैं, जबकि जेद्दा की बुकिंग वाले यात्री 5 दिसंबर 2026 तक अपनी यात्रा को रीशेड्यूल कर सकते हैं। यात्रा को रीशेड्यूल करने या रिफंड पाने में सहायता के लिए, एयर इंडिया के यात्री एयरलाइन से +91 11 69329333 या +91 11 69329999 पर संपर्क कर सकते हैं। एयर इंडिया एक्सप्रेस के यात्री +91 124 6935600 पर उनकी सपोर्ट टीम से संपर्क कर सकते हैं। यात्री मदद के लिए एयरलाइन के सिटी बुकिंग ऑफिस भी जा सकते हैं। यह घटनाक्रम तब सामने आया है जब यमन के हूथी मिलिशिया ने शुक्रवार को सऊदी अरब को निशाना बनाकर कई ड्रोन और मिसाइल हमले करने का दावा किया। इन हमलों में रियाद में अरामको की सुविधाएं, शरूराह एयरपोर्ट पर एक मिलिट्री कार्गो विमान और खमीस मुशैत एयर बेस शामिल थे।
वहीं, सऊदी के नेतृत्व वाली गठबंधन सेना ने बताया कि उन्होंने पूर्वी क्षेत्र और रियाद में ड्रोन को रोककर नष्ट कर दिया। टेलीग्राम पर जारी बयानों में हूती सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सारी ने दावा किया कि उनके गुट ने सऊदी राजधानी में अरामको कंपनी को एक ड्रोन से निशाना बनाया है। उन्होंने यह भी कहा कि इस ऑपरेशन का मकसद पूरा हो गया है। सारी ने कहा हमारे सशस्त्र बलों ने अभी-अभी दुश्मन देश सऊदी अरब की राजधानी रियाद में अरामको कंपनी को एक ड्रोन से निशाना बनाया है, और इस अभियान ने सफलतापूर्वक अपना लक्ष्य हासिल कर लिया है।