By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 26, 2026
भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने अब तक 60 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता के लिए वित्तपोषण उपलब्ध कराया है और इस क्षेत्र में बैंक की कुल कर्ज राशि 1.24 लाख करोड़ रुपये है। एसबीआई के प्रबंध निदेशक अश्विनी तिवारी ने बृहस्पतिवार को कहा कि बैटरी ऊर्जा भंडारण भारत के बिजली क्षेत्र के सामने सबसे बड़ी चुनौती है, क्योंकि नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता में बढ़ोतरी के साथ पर्याप्त भंडारण और पारेषण बुनियादी ढांचे की भी जरूरत है। तिवारी ने यहां आईवीसीए जलवायु पूंजी शिखर सम्मेलन 2026 में कहा, “देश में स्थापित 250 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता में से हमने अब तक 60 गीगावाट क्षमता के लिए वित्तपोषण किया है।” उन्होंने कहा कि एसबीआई की नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में कुल कर्ज राशि 1.24 लाख करोड़ रुपये है।
तिवारी ने कहा कि सौर और पवन ऊर्जा अनियमित स्रोत हैं, क्योंकि पर्याप्त भंडारण सुविधाओं के बिना इनसे लगातार बिजली आपूर्ति नहीं की जा सकती। इस वजह से स्थापित क्षमता में इनकी बड़ी हिस्सेदारी होने के बावजूद कुल बिजली उत्पादन में इनका योगदान सीमित रहता है। उन्होंने कहा, “बिजली क्षेत्र में भंडारण अत्यधिक महत्वपूर्ण चीज है।” उन्होंने देश में बैटरी ऊर्जा भंडारण क्षमता बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया।
तिवारी ने कहा कि पर्याप्त भंडारण सुविधाओं की कमी के कारण स्थापित नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता और वास्तविक बिजली उत्पादन के बीच अंतर बना हुआ है। नवीकरणीय और जीवाश्म ईंधन आधारित स्रोतों की स्थापित क्षमता में हिस्सेदारी लगभग बराबर है, लेकिन बिजली उत्पादन में जीवाश्म ईंधन का योगदान अब भी करीब 70 से 80 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि पारेषण क्षेत्र के लिए वित्तपोषण की कोई कमी नहीं है, क्योंकि बैंक ऐसी परियोजनाओं को कर्ज देने में सहज हैं।
तिवारी ने कहा, “पारेषण क्षेत्र में धन की कमी नहीं है।” उन्होंने बताया कि यह अंतर इसलिए पैदा हुआ क्योंकि सौर ऊर्जा संयंत्रों के विस्तार के साथ पारेषण बुनियादी ढांचे का विकास नहीं हो पाया। उन्होंने कहा, “इस अंतर को पाटने में दो-तीन साल लगेंगे। यह हो जाएगा।”