By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 05, 2023
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में हुए एक सड़क हादसे में छह-वर्षीय लड़के की मौत के बाद बेहाला इलाके में हुए दंगे और आगजनी के आरोप में कम से कम 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि एक तेज रफ्तार ट्रक ने दूसरी कक्षा के छात्र को शुक्रवार सुबह कुचल दिया था और इस हादसे में घायल उसका पिता जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहा है।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद पुलिस के कई वाहनों और एवं निजी बसों को आग के हवाले कर दिया गया तथा प्रशासन को त्वरित कार्रवाई बल (आरएएफ) की टुकड़ी को तैनात करना पड़ा। पुलिस ने स्थिति को काबू करने के लिए शुक्रवार को प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। मृत बच्चे के पिता का इस समय सरकारी एसएसकेएम अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।