संबंधों के नवीनीकरण का मौसम (व्यंग्य)

By संतोष उत्सुक | Aug 19, 2023

पंचवर्षीय योजना के लगभग सवा चार साल बाद, उन्होंने कल शाम, हमारी कमर में हाथ डाला। हमें रोककर, हाथ जोड़ कर मुस्कुराते हुए अभिवादन किया और बोले, ‘अभी भी हम से नाराज़ हैं बड़े भाई’। थोड़ी हैरानी हुई कि यह सज्जन ऐसा क्यूँ कर रहे हैं। उनसे अपनी न कोई राज़गी थी न नाराज़गी। हमने भी पूरे अदब से हाथ जोड़कर नमस्कार कहा, ‘ऐसी कोई बात नहीं है’। अगले क्षण तपाक से समझ में आया कि राजनीति के खेत में चुनाव की स्वादिष्ट एवं उपजाऊ फसल रोपने की तैयारी शुरू हो चुकी है, तभी तो नकली ‘प्यार’ की असली झप्पियां डाली जा रही हैं। उम्र में हमसे बड़ा होने के बावजूद भी हमें बड़ा भाई बोला जा रहा है। 

इसे भी पढ़ें: स्वार्थ सिद्धि योग का उपभोग (व्यंग्य)

एक बार हमसे पुनः संबंध नवीनीकरण करने के, उनके प्रयास से लगा राजनीति एक अच्छी समझदार अध्यापक भी तो है जो हमें पढ़ाती है कि राजनीति में ही नहीं ज़िंदगी में भी कोई पक्का दोस्त या स्थायी दुश्मन नहीं हुआ करता। अवसर मिले तो अपने खराब सम्बन्धों को ठीक ज़रूर करते रहना चाहिए। अंजान लोगों से भी थोड़े बहुत संबंध उगाए रखने चाहिए। अपनी योजनाएं बनाने व सपने सच करने के लिए मेहनती चींटी की तरह लगे रहना चाहिए, एक न एक दिन तो सफलता मिलती ही है। चुनावी मरम्मत के मौसम में चाहे नेता एक दूसरे के साथ पुश्तैनी दुश्मनों की तरह व्यवहार करें, बातचीत का स्तर रसातल से भी नीचे ले जाएं लेकिन बात वे लोकतंत्र को अधिक मजबूत करते हुए, देश को अधिक गौरवशाली व अधिक शक्तिशाली बनाने की ही करते हैं। 

यह मौसम होली की तरह होता है जहां सब गले मिल लेते हैं, क्या पता यह गले मिलना कहीं काम आ ही जाए और गले न मिलना कहीं गले ही न पड़ जाए। यह याद रखना ही चाहिए कि नेता यदि लगा रहे तो सांसद न सही विधायक न सही एक दिन पार्षद तो बन ही जाता है और अपने मकान का निर्माण तो करवा ही लेता है। खराब सम्बन्धों की मुरम्मत करने में तो वह महा अनुभवी होता ही है। ‘घमंड का सिर नीचा’ होने का मुहावरा सफल राजनीति में ‘घमंड का सिर ऊंचा’ हो जाता है। आजकल जब राजनीतिक मरम्मत के हर सधे हुए कारीगर का बाज़ार गर्म है, घमंड का सिर नीचा हुआ घूमता है।

राजनीति ने मानवीय जीवन को बहुत लचीला मुहावरा बना कर रख दिया है जिसके असली अर्थ बुरी तरह से टूटफूट चुके हैं और निरंतर मरम्मत मांग रहे हैं। आचार संहिता के प्रसव काल यानी चुनाव होने तक तक मरम्मत का यह मौसम चलने वाला है। हां चुनाव के बाद नई सरकारजी के निर्माण हो जाने के बाद घमंड का सिर ऊंचा वाला मुहावरा बाज़ार की शान हो जाएगा।

- संतोष उत्सुक

प्रमुख खबरें

Gurugram Police की बड़ी कार्रवाई! 370 की बिरयानी विवाद में कॉमेडियन Pranit More और Himanshu Jangra पर FIR दर्ज, वीडियो हटाने के निर्देश

Maharashtra Politics : महाराष्ट्र में नए सियासी भूकंप की आहट! उद्धव गुट के 7 सांसदों की बगावत, शिंदे सेना में विलय का पूरा प्लान

Box Office Report Today | इम्तियाज अली की Main Vaapas Aaunga की रफ़्तार बरकरार, Bharat Bhhagya Viddhaata और Governor की राहें हुईं मुश्किल

FIFA World Cup 2026 | Lionel Messi की ऐतिहासिक हैट्रिक! अर्जेंटीना ने अल्जीरिया को रौंदा, टूटे पेले और रोनाल्डो के बड़े रिकॉर्ड