By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026
सेबी के चेयरमैन तुहिन कांत पांडेय ने शुक्रवार को कहा कि बाजार नियामक का लक्ष्य डिजिटल कार्यप्रवाह और प्रणाली एकीकरण के माध्यम से विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) के पंजीकरण में लगने वाले समय को कई महीनों से घटाकर सिर्फ पांच कार्यदिवस करना है। उद्योग मंडल एसोचैम द्वारा आयोजित 17वें पूंजी बाजार सम्मेलन में पांडेय ने कहा कि नियामक ने एफपीआई के लिए अतिरिक्त खुलासा ढांचे को समाप्त करने का भी प्रस्ताव दिया है, जिससे भारत का नियामकीय रूपरेखा वैश्विक मानकों के और करीब आ जाएगा। पांडेय ने कहा, डिजिटल कार्यप्रवाह और प्रणाली एकीकरण के जरिये हमारा लक्ष्य एफपीआई के पंजीकरण समय को महीनों से घटाकर महज पांच कार्यदिवस तक लाना है।
पिछले कुछ महीनों में सेबी ने एफपीआई के लिए अनुपालन के बोझ को कम करने को लेकर कई कदम उठाए हैं। स्वागत-एफआई भरोसेमंद विदेशी निवेशकों के लिए एकल खिड़की पहल है, जिसके तहत लगभग 740 एफपीआई पंजीकृत हो चुके हैं। इनकी कुल एफपीआई परिसंपत्तियों में लगभग 17 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
उन्होंने कहा, स्वागत-एफआई भरोसेमंद और कम जोखिम वाले एफपीआई को एकल-खिड़की पहुंच, सरल अनुपालन और अपने ग्राहक को जानो (केवाईसी) की समीक्षा के लिए लंबी अवधि देता है। पांडेय ने कहा कि सेबी कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय (एमसीए) के पास दाखिल किए जाने वाले विवरणों में दोहरे खुलासों को समाप्त करने के लिए सूचीबद्धता दायित्व और खुलासा आवश्यकताएं (एलओडीआर) रूपरेखा की व्यापक समीक्षा कर रहा है। नियामक एक ही अनुपालन चूक के लिए विभिन्न शेयर बाजारों द्वारा लगाए जाने वाले अलग-अलग जुर्माने के स्थान पर एकल जुर्माना व्यवस्था लागू करने की भी योजना बना रहा है।