SEBI निवेश प्रक्रिया आसान बनाने और गैरजरूरी Rules हटाने की तैयारी में जुटा

By Ankit Jaiswal | Nov 28, 2026

भारत में शेयर बाजार में निवेश करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में बाजार को आम लोगों के लिए आसान बनाने और निवेश से जुड़े नियमों को सरल करने पर सेबी का जोर है। सेबी के अध्यक्ष तुहिन कांता पांडेय ने शनिवार को कहा कि निवेश की प्रक्रिया को आसान बनाना और गैरजरूरी नियमों को हटाना नियामक की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उनका कहना है कि बाजार में लोगों की बढ़ती भागीदारी को देखते हुए नियमों में भी समय के साथ बदलाव जरूरी है।

तुहिन कांता पांडेय ने सीएनबीसी आवाज के 'मार्केट महाकुंभ' कार्यक्रम में कहा कि सेबी ने निवेशकों को प्रोत्साहित करने और उनके हितों की सुरक्षा के लिए कई कदम उठाए हैं। इसके साथ ही सूचीबद्ध कंपनियों और शेयर बाजार के दलालों के कामकाज को आसान बनाने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कंपनियों और दलालों के लिए एक ही जगह से जरूरी दस्तावेज जमा करने की व्यवस्था शुरू करने, शेयरों के लेनदेन का निपटारा तेजी से करने और बाजार में सूचीबद्ध होने से जुड़े नियमों को सरल बनाने पर काम किया गया है।

उन्होंने वायदा और विकल्प कारोबार यानी एफएंडओ बाजार का दायरा बढ़ाने की जरूरत भी बताई। उनका मानना है कि बाजार के किसी हिस्से को जबरन बंद करना सही रास्ता नहीं है। इसके बजाय निवेशकों को बाजार के जोखिमों की सही जानकारी देना और सोच-समझकर निवेश करने के लिए जागरूक करना ज्यादा जरूरी है। बता दें कि एफएंडओ कारोबार में कम समय में ज्यादा मुनाफे की उम्मीद के साथ निवेश किया जाता है, लेकिन इसमें नुकसान का खतरा भी काफी अधिक रहता है।

टाटा स्टील और एपीएल अपोलो के सौदे पर पूछे गए सवाल के जवाब में पांडेय ने कहा कि छोटे हिस्सेदारों के हितों की सुरक्षा बेहद जरूरी है। किसी भी सौदे में शामिल सभी पक्षों को तय नियमों के दायरे में रहकर काम करना चाहिए।

पांडेय के मुताबिक, वित्त वर्ष 2018-19 के बाद से शेयर बाजार में निवेश करने वाले अलग-अलग लोगों की संख्या 4 गुना हो चुकी है। भारत में 6,700 से अधिक कंपनियां शेयर बाजार में सूचीबद्ध हैं। ऐसे में निवेशकों की बढ़ती संख्या के साथ बाजार के नियमों को भी बेहतर बनाना जरूरी हो गया है।

उन्होंने बताया कि निवेश की न्यूनतम रकम घटाने, रियल एस्टेट और बुनियादी ढांचे से जुड़ी संपत्तियों में निवेश को आसान बनाने जैसे कदम उठाए गए हैं। पोर्टफोलियो प्रबंधन सेवाओं के जरिए निवेश करने के नियमों को भी सरल किया गया है।

इसके अलावा, सेबी निगरानी समितियों की रिपोर्ट समय पर जमा कराने और तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा देने पर ध्यान दे रहा है। एआई के बढ़ते इस्तेमाल के बीच उन्होंने आंकड़ों की सुरक्षा को भी अहम बताया। उनका कहना है कि नई तकनीक अपनाते समय लोगों की निजी और वित्तीय जानकारी सुरक्षित रखना जरूरी है।

गौरतलब है कि सेबी ने निवेशकों को धोखाधड़ी और गलत निवेश योजनाओं से बचाने के लिए जागरूकता अभियान भी शुरू किए हैं। इसी कड़ी में 5 अक्टूबर को 'समझ से इन्वेस्टिंग सिंपल' अभियान शुरू किया गया था। इसका मकसद निवेशकों को बाजार के जोखिम, धोखाधड़ी और निवेश से जुड़ी जरूरी बातों की जानकारी देना है। सेबी का जोर ऐसे बाजार पर है, जहां निवेश करना आसान हो और लोगों के हितों की सुरक्षा भी बनी रहे हैं।

प्रमुख खबरें

सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का Net Profit पहली छमाही में 17% बढ़ा, DFS ने जारी किए आंकड़े

Mumbai Airport पर Customs की बड़ी कार्रवाई, 39.8 करोड़ रुपये का सोना और ड्रग्स बरामद

RPSC RAS Prelims परीक्षा सिटी स्लिप 29 नवंबर को होगी जारी, जानें दिसंबर में कब है एग्जाम?

CRPF सुरक्षा के बीच तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर जला दीपम, दो पूर्व जजों ने की निगरानी