Riyadh Airport Attack में घायल एक और भारतीय ने तोड़ा दम, कुल मृतकों की संख्या 14 हुई

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 04, 2026

दुबई, चार नवंबर सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास ने बुधवार को कहा कि रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 10 अक्टूबर को हुए हमले में गंभीर रूप से घायल एक और भारतीय नागरिक की मौत हो गई है। दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अत्यंत दुख के साथ हम यह जानकारी दे रहे हैं कि 10 अक्टूबर को रियाद हवाई अड्डे पर हुए हमले में गंभीर रूप से घायल एक और भारतीय नागरिक का आईसीयू में निधन हो गया है।’’ इसने कहा, ‘‘हम शुरू से ही उनके परिवार के संपर्क में रहे और अब भी उनके साथ हैं। हम परिवार और मित्रों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।’’ दूतावास ने कहा कि वह शव को भारत पहुंचाने, या परिवार की इच्छा के अनुसार रियाद में ही अंतिम संस्कार की व्यवस्था करने में हरसंभव सहायता प्रदान करेगा।

तब तक सात घायल भारतीयों को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी थी। सऊदी अरब ने 10 अक्टूबर के हमले के लिए यमन के ईरान-समर्थित हुती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया, हालांकि इस समूह ने आधिकारिक तौर पर इसकी जिम्मेदारी नहीं ली। नागर विमानन प्राधिकरण, सऊदी अरब ने शुरुआत में बताया था कि इस हमले में 12 लोगों की मौत हुई और 309 लोग घायल हुए।

हमले में घायल एक भारतीय नागरिक की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई थी, और अब एक अन्य भारतीय नागरिक की मौत से यह संख्या 14 हो गई है।

प्रमुख खबरें

मतदाता सूची SIR शुद्धिकरण प्रक्रिया है, इस पर राजनीति न हो: RSS नेता Dattatreya Hosabale

Shakuntala Devi Birth Anniversary: मानव कंप्यूटर के नाम से फेमस थीं शकुंतला देवी, पलक झपकते ही हल कर देती थीं मुश्किल गणनाएं

Kanika Kapoor Divorce | शादी के 4 साल बाद अलग हुए कनिका कपूर और गौतम हथिरमानी, गायिका ने दी आधिकारिक जानकारी

Auckland में बारिश से प्रभावित पहले ODI में भारत ने New Zealand को 5 विकेट से हराया