Auckland में बारिश से प्रभावित पहले ODI में भारत ने New Zealand को 5 विकेट से हराया

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 04, 2026

ऑकलैंड, चार नवंबर तेज गेंदबाजों के कमाल और विराट कोहली की धमाकेदार अर्धशतकीय पारी की मदद से भारत ने बुधवार को यहां बारिश से प्रभावित पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में न्यूजीलैंड को डकवर्थ लुईस पद्वति से पांच विकेट से हराकर पांच मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त हासिल की। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह (70 रन देकर चार विकेट), गुरनूर बराड़ (44 रन देकर तीन) और अंशुल कंबोज (10 ओवर में 22 रन देकर दो) ने मिलकर नौ विकेट लेकर न्यूजीलैंड को 40.2 ओवर में में 185 रन पर ढेर कर दिया। बारिश के व्यवधान से एक घंटे से अधिक समय तक खेल नहीं हो पाने के कारण भारत के सामने डकवर्थ लुईस पद्वति से 40 ओवर में 167 रन का लक्ष्य रखा गया।

भारत ने हालांकि जिस तरह से 22 रन के अंदर चार विकेट गंवाए वह टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय हो सकता है। पहली बार जब बारिश के कारण खेल रुका तब भारत ने एक विकेट पर 54 रन बनाए थे। दूसरे व्यवधान के समय उसका स्कोर एक विकेट पर 64 रन था।

भारतीय बल्लेबाजों विशेषकर कोहली ने दो बार व्यवधान के बावजूद अपनी एकाग्रता भंग नहीं होने दी और सहजता से रन बटोरे। कोहली शुरू से आक्रामक होकर खेल रहे थे और उन्होंने चौकों की झड़ी लगाने में कोताही नहीं बरती। अब केवल वनडे प्रारूप में खेलने वाले कोहली ने ब्लेयर टिकनर की गेंद पर छक्का लगाया और इसी गेंदबाज के अगले ओवर में चौका लगाकर 35 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया।

उन्होंने इस ओवर में दो और चौके लगाए। गिल ने हालांकि नाथन स्मिथ की तेजी से उठती गेंद पर टॉम लैथम को हवा में लहराता कैच दे दिया। उन्होंने अपनी 56 गेंद की पारी में पांच चौके लगाए।

जैकब डफी (49 रन देकर तीन विकेट) ने एक ओवर में कोहली और अक्षर पटेल को आउट करके मैच में कुछ रोमांच भरा। टिम सीफर्ट ने कोहली का डीप स्क्वायर लेग पर एक हाथ से शानदार कैच लिया। डफी ने श्रेयस अय्यर (15) के रूप में अपना तीसरा विकेट लिया।

नमन धीर (नाबाद पांच) ने विजयी चौका लगाया। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने पहले ओवर मेंही रोहित शर्मा का विकेट गंवा दिया जो खाता भी नहीं खोल पाए। रोहित ने काइल जैमीसन की ऑफ स्टंप से बाहर जा रही गेंद पर ड्राइव करने के प्रयास में मिड ऑफ पर खड़े मिचेल सैंटनर को कैच थमा दिया।

इससे पहले गिल ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के कार्यभार प्रबंधन और चोट के कारण नहीं खेलने के बावजूद भारत के कम अनुभवी तेज गेंदबाजी आक्रमण ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। न्यूजीलैंड की तरफ से सीफर्ट ने सर्वाधिक 38 रन बनाए जबकि 11वें नंबर के बल्लेबाज टिकनर ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए चार छक्कों की मदद से 34 और ग्लेन फिलिप्स ने 30 रन का योगदान दिया।

अर्शदीप ने एकदम सही लेंथ पर गेंदबाजी की जबकि गुरनूर और कंबोज में बीच के ओवरों में शानदार प्रदर्शन किया। अंशुल ने बेहद किफायती गेंदबाजी की। उनकी 48 गेंद पर कोई रन नहीं बना।

अर्शदीप ने पावरप्ले के अंदर दो विकेट लिए। न्यूजीलैंड पहले 10 ओवरों में दो विकेट खोकर 45 रन ही बना पाया। गुरनूर के दो विकेट में लैथम का विकेट भी शामिल था जिनका उन्होंने अपनी ही गेंद पर एक हाथ से रिटर्न कैच लिया।

औकिब नबी का भाग्य ने साथ नहीं दिया क्योंकि उनकी गेंद पर नमन धीर ने मिड विकेट पर सीफर्ट का आसान कैच टपका दिया। अर्शदीप ने विल यंग (09) को आउट करके भारत को पहली सफलता दिलाई। यंग ने पुल शॉट खेलने की कोशिश में गेंद को हवा में उछाल दिया जिसे श्रेयस अय्यर कैच किया।

हेनरी निकोल्स (09) ज्यादा सहज नहीं दिखे और वह पुल शॉट लगाने की कोशिश में धीर को कैच दे बैठे, जिन्होंने इस बार कोई गलती नहीं की। सीफर्ट ने नबी की गेंद पर छक्का जड़ा लेकिन गुरनूर की शॉर्ट पिच गेंद को उन्होंने हवा में लहरा दिया जिसे सब्सीट्यूट रुतुराज गायकवाड़ ने मिड-ऑन पर आसानी से लपक लिया। गुरनूर ने लैथम को ज्यादा देर तक नहीं टिकने दिया।

चार विकेट गिरने के बाद न्यूजीलैंड बैकफुट पर चला गया। शानदार फॉर्म में चल रहे डैरिल मिचेल (28) और फिलिप्स की जोड़ी से लड़खड़ाती पारी को संभालने की उम्मीद थी। लेकिन रोहित शर्मा की सतर्कता और केएल राहुल के प्रयास से मिचेल रन आउट हो गए।

न्यूजीलैंड की आधी टीम 100 से कम के स्कोर पर पवेलियन लौट चुकी थी, ऐसे में कंबोज ने डॉट गेंदों की संख्या बढ़ाकर और दो विकेट लेकर दबाव और बढ़ा दिया। कंबोज ने कप्तान सैंटनर और स्मिथ को पवेलियन भेजा। इसके बाद टिकनर ने अर्शदीप के आखिरी ओवर में तीन छक्के जड़े।

प्रमुख खबरें

US Dollar के मुकाबले 17 पैसे चढ़ा रुपया, 94.58 के स्तर पर बंद

मंत्रिपरिषद में जगह न मिलने पर NC विधायक Mubarak Gul ने साधी चुप्पी

दिल्ली से चलता है पंजाब, सुबह 11 बजे उनके मुंह से शराब की बू आती थी, पंजाब CM पर राहुल गांधी ने लगाया गंभीर आरोप

केरलम में खुलेगा Maritime Museum और समुद्री जीव उद्यान, कैबिनेट ने SPV को दी मंजूरी