सुरक्षा समिति की बैठक (व्यंग्य)

By संतोष उत्सुक | Dec 22, 2023

नागरिक सुरक्षा समिति ने ठंड के मौसम वाली वार्षिक बैठक की। हालांकि बैठक पिछले महीने होनी चाहिए थी लेकिन निरंतर सोए जा रहे नागरिकों को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता तभी ठंड और फैलते डर के कारण कम लोग आए। हाल में मंच सजाया गया और बढ़िया बैनर भी लगाया गया ताकि फ़ोटो अच्छा आए और अगले दिन अखबारों में खबर के साथ छपे। बिना लाल बत्ती वाली  गाड़ी में पधारे असली वीआईपी ने उदघाटन किया। बैठक में पधारे नागरिकों से सहयोग मांगते हुए समझाया गया यदि छुट्टियों में कहीं जा रहे हैं तो घरों में इस बार सेंसर लॉक ज़रूर लगवा कर जाएं। सीसीटीवी कैमरे भी लगवा लें।  एंटी थैफ्ट अलार्म भी लगवा लें। आपका घर चोरों से बेहद सुरक्षित रहेगा। 

इसे भी पढ़ें: सफ़ल होने के चुने हुए नुसखे (व्यंग्य)

उन्होंने यह प्रशंसनीय सलाह भी दी कि कीमती सामान का बीमा भी करवा लें। लिस्ट भी बनाकर रखें ताकि यदि चोरी हो जाए तो लिस्ट अविलंब दी जा सके। उन्होंने यह बताकर ज़िम्मेदारी बखूबी निभाई कि इस तरह की घटनाएं सामने न आएं इसलिए आजकल गश्त लगाने के दौरान जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। वैसे इस बहाने व्यायाम भी तो हो रहा है। उनका कहना है कि लोग अगर सुरक्षा सुझावों पर अमल करेंगे तो पछताना नहीं पड़ेगा। उनके अनुसार बाहर जाते समय पड़ोसी को उचित तरीके से ज़रूर बताकर जाएं। उन्हें बता कर नहीं जाएंगे तो चोर घुसने की बुरी स्थिति में उन्हें पता नहीं चल पाएगा। 

पड़ोसी को कभी कभार चाय, बिस्किट और नमकीन की सादा दावत देने में फायदा है, इस बहाने पड़ोसी से अच्छे रिश्तों का विकास भी होगा। व्यक्तिगत सुरक्षा बारे, सड़क पर चलते हुए, फुटपाथ न होने, दोपहिया वाहनों की दहशत बारे पूछा तो बता दिया गया, यह बैठक सिर्फ सर्दियों के मौसम में होने वाली संभावित चोरियों बारे है। अलग अलग अनुभाग हैं जो ज़रूरत पड़ने पर बैठक कर प्रेस विज्ञप्ति देते हैं। वैसे भी काम करने का सही तरीका यही है। नागरिक सुरक्षा विभाग के पास और भी बहुत से काम हैं। कर्मचारी भी कम हैं। 

अधिकांश सुरक्षा कर्मियों को राजनैतिक, धार्मिक, सामाजिक नेता, अफसर, चोर, उच्चके, असामाजिक तत्त्वों की सुरक्षा में लगे रहना पड़ता है। इस महत्त्वपूर्ण बैठक से शिक्षा मिली कि आम लोगों को सर्दी में भी अपनी सुरक्षा आप करनी चाहिए। 

- संतोष उत्सुक

प्रमुख खबरें

US Senator Richard Blumenthal ने Russia से डीजल सौदे को बताया शर्मनाक

Haridwar Severe Hailstorm | हरिद्वार से देहरादून तक बिगड़े हालात, मूसलाधार बारिश और भीषण ओलावृष्टि से हाहाकार, मौसम विभाग का येलो अलर्ट जारी

High Court का आदेश: लखनऊ के स्कूल की जमीन से तीन माह में हटाएं अवैध कब्जे

वोट चोरी और चुनाव में गड़बड़ी, INDIA bloc के नेताओं ने राष्ट्रपति मुर्मू से की मुलाकात, सौंपा 4-सूत्रीय ज्ञापन, राहुल गांधी बोले- राष्ट्रपति ने मांगे सबूत