By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 13, 2025
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच शुक्रवार से शुरू होने वाले टेस्ट मैच से पहले कोलकाता पुलिस ने ईडन गार्डन्स समेत शहर भर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
कोलकाता पुलिस ने 14 से 18 नवंबर के बीच शहर के केंद्र में ‘मैदान’ और ईडन गार्डन्स क्षेत्र के आसपास आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए एक विस्तृत यातायात परामर्श जारी किया है।
अधिकारी ने परामर्श का हवाला देते हुए कहा, “मैच के दिनों में सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक स्टेडियम क्षेत्र और उसके आसपास सभी मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा।”
उन्होंने बताया कि यातायात आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए सार्वजनिक परिवहन मार्गों में संशोधन किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने संकेत दिया कि टेस्ट मैच के दौरान वास्तविक समय की स्थितियों और भीड़ की आवाजाही के आधार पर मौजूदा यातायात और सुरक्षा दिशानिर्देशों को बदला जा सकता है।