आडवाणी के ब्लॉग पर बोले नायडू, मोदी, शाह के लिए स्वयं प्रथम और देश आखिर है

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 05, 2019

अमरावती। तेदेपा अध्यक्ष एवं आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधने के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के ब्लाग का उल्लेख किया और कहा कि उनके लिए ‘‘सेल्फ फर्स्ट और कंट्री लास्ट’’ (स्वयं प्रथम और देश आखिर) है। भाजपा के पूर्व सहयोगी नायडू ने कहा कि ब्लाग में आडवाणी की टिप्पणी उनकी पीड़ा प्रतिबिंबित करती है। उनके लिए देश प्रथम, पार्टी दूसरी, स्वयं अंत में है। मोदी के मामले में यह उल्टा है। मोदी और (अमित) शाह के लिए स्वयं प्रथम और देश आखिर है। आडवाणी और अटल बिहारी वाजपेयी के सिद्धांतों का भाजपा में कोई मूल्य नहीं है।

आडवाणी ने अपने ब्लाग में कहा कि उनकी पार्टी ने राजनीतिक रूप से असहमत होने वालों को कभी राष्ट्र विरोधीया शत्रु नहीं माना। आडवाणी की टिप्पणी महत्व रखती है क्योंकि मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह सहित शीर्ष भाजपा नेता बालाकोट हवाई हमले के बाद विपक्षी दलों पर ‘राष्ट्र विरोधी’ होने का आरोप लगाते हुए निशाना साधत रहे हैं। नायडू ने आंबेडकर की प्रतिमा के सामने धरने को संबोधित करते हुए और तेदेपा, द्रमुक, सपा, बसपा, कांग्रेस, जदएस और आप के कुछ नेताओं के खिलाफ आयकर विभाग के छापों की निंदा करते हुए कहा कि ऐसे छापे एक योजनाबद्ध तरीके से मारे जा रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि मोदी शासन में सभी तरह की आजादी गायब हो गई है। तेदेपा प्रमुख ने कहा कि यह फासीवादी शासन है। अशांति, असुरक्षा और भय ने सभी वर्गों को जकड़ रखा है।’’ उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान का संरक्षण करने की जरुरत है। उन्होंने गत कुछ दिनों के दौरान तेदेपा के कुछ नेताओं पर आयकर के छापों का उल्लेख करते हुए विभाग के अधिकारियों को दिल्ली में सत्ताधारी पार्टी के निर्देश के अनुसार कार्य नहीं करने की चेतावनी दी। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि आपने ऐसे कृत्यों को जारी रखा तो आपको भारी कीमत चुकानी होगी। उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि अधिकारी यदि कानून के तहत कार्य करें तो नेता सहयोग करेंगे।

इसे भी पढ़ें: मोदी-शाह ने पांच साल में ही देश को धार्मिक आधार पर बांट दिया: केजरीवाल

नायडू ने कहा कि ये छापे तेदेपा के खिलाफ भाजपा-वाईएसआर कांग्रेस-टीआरएस के षड्यंत्र का हिस्सा हैं। उनका इरादा हमारे नेताओं को हतोत्साहित करना है। एक प्रतिकात्मक भाव के तहत नायडू ने आंबेडकर की प्रतिमा को एक ज्ञापन देकर, आयकर छापों की निंदा की। विरोध स्वरूप उन्होंने काले गुब्बारे हवा में उड़ाये जिनके साथ मोदी, तेलंगाना राष्ट्र समिति अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव और वाईएसआर कांग्रेस प्रमुख जगन मोहन रेड्डी की तस्वीरें थीं।  

प्रमुख खबरें

NIA कोर्ट ने PFI के 4 सदस्यों को शशिकुमार मर्डर केस में सुनाई उम्रकैद

AIIMS Nagpur: सुरक्षा के आश्वासन के बाद रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल खत्म

Odisha School Textbooks में मिलीं 1741 गलतियां, सरकार ने पूर्व निदेशक सहित चार को किया निलंबित

S Jaishankar ने नाविकों पर हमलों को बताया अस्वीकार्य, Liberia के साथ मिलकर बनाया मित्र समूह