Sensex और Nifty में लगातार तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 166 अंक चढ़कर बंद हुआ

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 31, 2026

वैश्विक बाजारों में मजबूती, विदेशी निवेशकों की खरीदारी और बजाज फाइनेंस में तेज उछाल की वजह से घरेलू शेयर बाजारों के प्रमुख सूचकांकों में लगातार तीसरे दिन तेजी रही। सेंसेक्स में 166 अंक की बढ़त रही जबकि निफ्टी 66 अंक चढ़ गया। विश्लेषकों के मुताबिक, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आने से भी निवेशक धारणा को समर्थन मिला।

सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में बजाज फाइनेंस का शेयर 8.11 प्रतिशत उछलकर बंद हुआ। कंपनी का जून तिमाही में शुद्ध लाभ 28 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करते हुए 6,081 करोड़ रुपये रहा है। इसके अलावा बजाज फिनसर्व, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अदाणी पोर्ट्स, टाटा स्टील, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और टाइटन के शेयरों में भी तेजी का रुख रहा।

दूसरी तरफ, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इन्फोसिस, आईटीसी और इंटरग्लोब एविएशन के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 3,623.51 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली होने के बावजूद बाजार में सकारात्मक रुख जारी रहा।

हालांकि ऊंची प्रतिफल दरों तथा संभावित ब्याज दर वृद्धि को लेकर सतर्कता बनी रही। तेजी का जारी रहना इस पर निर्भर करेगा कि कंपनियों के तिमाही नतीजे कैसे रहते हैं। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.45 प्रतिशत बढ़कर 89.43 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए। यूरोपीय बाजार भी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को मजबूती के साथ बंद हुए थे।

इससे पहले बीएसई सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 273.55 अंक बढ़कर 77,928.15 अंक और एनएसई निफ्टी 66.95 अंक चढ़कर 24,317.15 अंक पर बंद हुए थे।

प्रमुख खबरें

Khelo India योजना के लिए केंद्रीय कैबिनेट ने 29,000 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी

Jaipur: छात्र संघ चुनाव की मांग पर पानी की टंकी पर चढ़े NSUI कार्यकर्ताओं का आमरण अनशन

Modis MasterStroke : Union Cabinet ने Samudra Manthan Scheme को दी मंजूरी, PM Kisan Scheme को मिला 5 साल का विस्तार

RBI ने बैंकों को अंतरराष्ट्रीय सीमाओं वाले जिलों में नोट जांचने की मशीनें लगाने का निर्देश दिया