Sensex 1,502 अंक चढ़ा, Nifty में 470 अंक की बढ़त से बाजार चमका

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 25, 2026

एशियाई बाजारों में कमजोर रुख के बीच घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को जोरदार तेजी लौटी और बीएसई सेंसेक्स 1,502 अंक उछल गया, जबकि एनएसई निफ्टी 470 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ। विदेशी निवेशकों की लिवाली, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और प्रमुख बैंक शेयरों में खरीदारी से बाजार में तेजी रही। बीएसई कै 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,502.29 अंक यानी 1.82 प्रतिशत चढ़कर 83,938.28 अंक पर बंद हुआ।

कारोबार के दौरान एक समय यह 2,062.22 अंक यानी 2.50 प्रतिशत उछलकर 84,498.21 अंक पर पहुंच गया था। एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 469.60 अंक यानी 1.85 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,819.25 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 602 अंक यानी 2.37 प्रतिशत चढ़कर 25,951.65 अंक तक पहुंच गया था।

सेंसेक्स की कंपनियों में हिंदुस्तान यूनिलीवर का शेयर सबसे अधिक 5.94 प्रतिशत चढ़ा। ट्रेंट में 3.59 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक में 3.44 प्रतिशत, इंटरग्लोब एविएशन में 3.24 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक में 3.18 प्रतिशत और बजाज फाइनेंस में 3.04 प्रतिशत की तेजी रही। हालांकि, टाटा स्टील, भारती एयरटेल और टाइटन के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 0.19 प्रतिशत गिरकर 91.38 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 5,672.99 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। मंगलवार को गुरु नानक जयंती पर शेयर बाजार बंद रहे थे।

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि एक दिन के अवकाश के बाद बाजार में तेजी के साथ खरीदारी लौटी और घरेलू शेयर बाजारों ने एशियाई बाजारों की कमजोरी को नजरअंदाज किया। उन्होंने कहा कि कृत्रिम मेधा (एआई) से जुड़े निवेश में वैश्विक स्तर पर बदलाव का फायदा भारतीय बाजार को मिला। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 6.16 प्रतिशत, जापान का निक्की 225 2.78 प्रतिशत, चीन का शंघाई कंपोजिट 2.03 प्रतिशत और हांगकांग का हैंगसेंग 1.14 प्रतिशत गिरकर बंद हुआ।

यूरोपीय बाजारों में कारोबार के दौरान मामूली तेजी रही। अमेरिकी शेयर बाजार के अधिकांश सूचकांक मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। नैस्डैक कंपोजिट 1.48 प्रतिशत और एसएंडपी 500 सूचकांक 0.50 प्रतिशत गिरा, जबकि डाउ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज 0.85 प्रतिशत चढ़ा।

सोमवार को सेंसेक्स 1,483.72 अंक यानी 1.77 प्रतिशत गिरकर 82,435.99 अंक और निफ्टी 450.95 अंक यानी 1.75 प्रतिशत टूटकर 25,349.65 अंक पर बंद हुआ था।

प्रमुख खबरें

Black Friday Sale 2026: कड़ाके की ठंड से पहले Room Heater और Geyser समेत इन चीजों को खरीद लें

O Saathi Re Trailer: लव ट्रायंगल में फंसे अर्जुन रामपाल, अदिति राव हैदरी और अविनाश तिवारी

Samajwadi Party 26 नवंबर को जारी करेगी पहला Manifesto, युवा और कृषि पर मुख्य फोकस

Cabinet ने CIE निर्माण को गति देने के लिए मंजूर की 11000 करोड़ रुपये की योजना