By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 27, 2018
लंदन। सात बार की विंबलडन विजेता सेरेना विलियम्स को दुनिया में 183 वां रैंक होने के बावजूद विंबलडन के आयोजकों ने इस साल महिला एकल के लिए 25 वीं वरीयता दी है। अमेरिका की 36 वर्षीय खिलाड़ी को फ्रेंच ओपन में कोई वरीयता नहीं दी गयी थी। गर्भावस्था के कारण सेरेना खेल से कुछ समय के लिए दूर रही थीं। वहीं चोट के कारण करीब 11 महीने टेनिस से दूर रहे दो बार के विंबलडन विजेता एंडी मर्रे को पुरूष एकल में कोई वरीयता नहीं दी गयी। मर्रे ने अब तक विंबलडन में खेलने की प्रतिबद्धता नहीं जतायी है।
रोमानिया की फ्रेंच ओपन विजेता सिमोना हालेप को महिला एकल में शीर्ष एवं डेनमार्क की कैरोलाइन वोज्नियाकी को दूसरी वरीयता दी गयी है जबकि आठ बार के विंबलडन विजेता रोजर फेडरर को पुरूष एकल में शीर्ष और मौजूदा फ्रेंच ओपन विजेता राफेल नडाल को दूसरी वरीयता मिली है।