असम में बाढ़ से सात और लोगों की मौत, प्रभावितों की संख्या 3.32 लाख हुई

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 29, 2026

गुवाहाटी, 29 जुलाई असम में गत 24 घंटे के दौरान बाढ़ जनित घटनाओं में सात और लोगों की मौत हो गई और राज्य में अब भी 3.32 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि राज्य में मॉनसून के दौरान बाढ़ जनित घटनाओं में अबतक 75 लोगों की मौत हो चुकी है।

अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ से प्रभावित लोगों की संख्या 3.32 लाख है। चराइदेव जिला सबसे अधिक प्रभावित है, जहां 1.42 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। इसके बाद शिवसागर में 97,074 और जोरहाट में 57,371 लोग बाढ़ की चपेट में हैं।

अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को शिवसागर जिले के नाजिरा राजस्व परिक्षेत्र में सात लोगों की मौत हुई। इसके साथ ही इस साल बाढ़ जनित घटनाओं में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 75 हो गई है। सोमवार को छह जिले बाढ़ की चपेट में थे और इससे 4.45 लाख लोग प्रभावित हुए थे।

अधिकारियों ने प्रभावित जिलों में कुल 81 राहत शिविर चल रहे हैं, जहां 32,477 विस्थापित लोगों ने शरण ली है। इसके अलावा, 34 राहत सामग्री वितरण केंद्र भी काम कर रहे हैं। सेना, वायुसेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं और नागरिक स्वयंसेवकों समेत कई एजेंसियां राहत और बचाव अभियान में लगातार जुटी हुई हैं।

बाढ़ प्रभावित जिलों में 45,341.98 हेक्टेयर फसल क्षेत्र जलमग्न हो गया है। अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ प्रभावित शिवसागर जिले में मोबाइल फोन संपर्क बनाए रखने के लिए ‘इंट्रा-सर्किल रोमिंग’ (आईसीआर) सुविधा को 30 जुलाई की रात 11 बजकर 59 मिनट तक या अगले आदेश तक बढ़ा दिया गया है। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि प्रभावित बच्चों को इस कठिन समय से उबरने में मदद करने के लिए विशेष कोशिश की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को सोशल मीडिया पर राहत शिविरों में पढ़ाई करते बच्चों की तस्वीरें साझा करते हुए कहा, ‘‘राहत शिविरों में बच्चों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करना हमारी प्राथमिकता है। पढ़ाई और खेलने के लिए अलग स्थानों की व्यवस्था की गई है, ताकि बाढ़ का असर उनके बचपन पर न पड़े और मौजूदा हालात से उन्हें किसी तरह का नुकसान न हो।

प्रमुख खबरें

Omar Abdullah और Mehbooba की जुबानी जंग में Afzal Guru और Maqbool Bhat की एंट्री से बड़ा राजनीतिक धमाका

राहुल गांधी के Idiot और Andhbhakt बयान पर Lok Sabha में हंगामा, BJP की जताई आपत्ति

Strait of Hormuz में सुरक्षा संकट और India का कड़ा रुख, UNSC में West Asia तनाव को बताया वैश्विक चिंता

एफआईएच विश्व कप की तैयारियों के अंतिम चरण के लिए जर्मनी रवाना हुई भारतीय महिला हॉकी टीम