By अंकित सिंह | Aug 20, 2024
गुरुग्राम के एंबियंस मॉल में बम की झूठी धमकी के कुछ दिनों बाद, साउथ दिल्ली के तीन मॉल और एक अस्पताल को ईमेल के ज़रिए बम की धमकी मिली, जिसके बाद अधिकारियों ने लोगों को बाहर निकाला और इमारतों की तलाशी ली। ईमेल में लिखी धमकी में दावा किया गया था कि कुछ घंटों में विस्फोटक फट जाएगा। हालाँकि, यह धमकी झूठी निकली। चाणक्य मॉल, सेलेक्ट सिटीवॉक, एंबियंस मॉल और अन्य सहित दिल्ली के कई शॉपिंग मॉल को बम की धमकी वाले ईमेल मिले।
17 अगस्त को गुरुग्राम के एंबियंस मॉल प्रबंधन को ईमेल के ज़रिए बम की धमकी मिली, जिसमें भेजने वाले ने दावा किया कि उसने "इमारत में सभी को मारने" के लिए बम लगाए हैं। मॉल को खाली कराया गया और तलाशी ली गई, लेकिन कोई बम नहीं मिला। उसी दिन, नोएडा के DLF मॉल ऑफ़ इंडिया के अधिकारियों ने इमारत से लोगों को बाहर निकाला, जिससे बम की आशंका पैदा हो गई। हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि मॉल की सुरक्षा की जाँच के लिए मॉक ड्रिल के तौर पर ऐसा किया गया था। इससे पहले 2 अगस्त को ग्रेटर कैलाश के एक स्कूल को बम की धमकी वाला ईमेल मिला था, जिसमें भेजने वाले ने दावा किया था कि इमारत को उड़ा दिया जाएगा। हालांकि, जाँच के दौरान कुछ भी नहीं मिला।