By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 10, 2016
भाजपा के अध्यक्ष के तौर पर अमित शाह ने मंगलवार को दो साल पूरे कर लिए और इस मौके पर मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने शाह की तारीफ करते हुए कहा कि उनके ‘मजबूत नेतृत्व’ में भाजपा ने कई राज्यों में अपनी स्थिति को मजबूत किया और सबसे बड़ी पार्टी बन गई। रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने ट्वीट किया, ‘‘उनके नेतृत्व में भाजपा निरंतर बढ़ती रहेगी, भारत के विकास के लिए काम करती रहेगी और हमारे समाज के सभी वर्गों की सेवा करती रहेगी।’’
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहा कि शाह के अध्यक्ष रहते हुए भाजपा ने कई राज्यों में अपनी स्थिति को मजबूत किया और सबसे बड़ी पार्टी बन गई। रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने ट्वीट किया, ‘‘भाजपा को लोकप्रिय और सबसे बड़ी पार्टी बनाते हुए इसका इतना शानदार ढंग से नेतृत्व करने के लिए हमारे पार्टी अध्यक्ष अमित शाह को बधाई।’’
गुजरात के नवनियुक्त मुख्यमंत्री विजय रूपानी ने कहा कि शाह का नेतृत्व एक पद या शीर्षक नहीं, बल्कि क्रिया और उदाहरण है। उनका दो साल का कार्यशाल शानदार रहा है। केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद शाह ने भाजपा का अध्यक्ष पद संभाला था।