By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 31, 2026
हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या में शामिल दो शार्प शूटरों को पुलिस ने शामली जिले में सोमवार तड़के मुठभेड़ में मार गिराया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। यूट्यूबर और हरियाणवी गायक अंकित बालियान की बुधवार शाम शामली जिले में एक जिम के बाहर कुछ अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
दोनों सोनीपत के रहने वाले थे। उन्होंने बताया कि शामली कोतवाली पुलिस, थाना झिंझाना और स्वाट टीम की संयुक्त कार्यवाही में पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी गोलीबारी में दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गये। घायल बदमाशों को उपचार के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय, शामली ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों द्वारा दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।
एसपी ने कहा कि घटना में स्वाट टीम के हेड कांस्टेबल हरविंदर और प्रदीप गोली लगने से घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से पुलिस ने दो पिस्तौल, कारतूस, 30 बोर की एक पिस्तौल, एक मोटरसाइकिल, एक बैग, एक मोबाइल फोन और 5000 रूपये नगद बरामद किए। सिंह ने बताया कि मामले में कोतवाली शामली पुलिस अग्रिम वैधानिक कार्यवाही कर रही है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा में अभियुक्त मोहित के विरुद्ध करीब 14 अभियोग और सुमित के खिलाफ एक अभियोग पंजीकृत होने की जानकारी हुई है। साथ ही उनकी आपराधिक पृष्ठभूमि भी खंगाली जा रही है।