By अनन्या मिश्रा | Aug 14, 2024
बॉलीवुड की दुनिया में रोमांटिक का बेताज बादशाह माने जाने वाले शम्मी कपूर का 14 अगस्त को निधन हो गया था। पर्दे पर हमेशा मस्तमौला अंदाज में दिखने वाले शम्मी कपूर असल जिंदगी में काफी ज्यादा गुस्सैल थे। वह अपने जमाने के दिग्गज अभिनेताओं की लिस्ट में शामिल थे। वह न सिर्फ अपने अभिनय बल्कि अपने डांस के लिए भी जाने जाते थे। बता दें कि अभिनेता ने अपने फिल्मी करियर में एक से बढ़कर एक फिल्में दी हैं। वहीं वह न सिर्फ अपनी प्रोफेशनल बल्कि पर्सनल लाइफ को लेकर भी चर्चा में रहे। आइए जानते हैं उनकी डेथ एनिवर्सरी के मौके पर शम्मी कपूर के जीवन से जुड़ी कुछ रोचक बातों के बारे में...
जन्म और परिवार
मुंबई में 21 अक्तूबर 1931 को शम्मी कपूर का जन्म हुआ था। वह मशहूर अभिनेता पृथ्वीराज कपूर के दूसरे बेटे थे। जन्म के बाद शम्मी कपूर का नाम शमशेर राज कपूर रखा गया था। लेकिन अभिनय की दुनिया में उन्हें शम्मी कपूर के नाम से जाना गया। उन्हें अभिनय विरासत में मिला था।
फिल्मी कॅरियर
शम्मी कपूर ने अपने फिल्मी कॅरियर में 'तुमसा नहीं देखा', 'दिल देके देखो', 'चाइना टाउन', 'प्यार किया तो डरना क्या', 'जंगली', 'सिंगापुर', 'कॉलेज गर्ल', 'प्रोफेसर', 'कश्मीर की कली', 'जानव'र, 'तीसरी मंजिलट, 'अंदाज', 'एन ईवनिंग इन पेरिस', 'ब्रह्मचारी' और 'सच्चाई' जैसी कई हिट फिल्में दी हैं। हालांकि अभिनय में पारंगत होने और फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखने वाले शम्मी कपूर की पहली फिल्म फ्लॉप साबित हुई थी। अभिनेता ने साल 1953 में फिल्म 'जीवन ज्योति' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। जोकि फ्लॉप साबित हुई थी।
शम्मी कपूर को असली पहचान साल 1957 में आई फिल्म 'तुमसा नहीं देखा' से मिली थी। शुरूआती करियर की तीन फिल्में खास न चल पाने के कारण शम्मी कपूर निराश हो गए थे और उन्होंने इंडस्ट्री छोड़ने का मन बना लिया। तब तक वह अभिनेत्री गीता बाली से शादी कर चुके थे। दरअसल, अभिनेता ने गीता ने कहा था कि यदि यह फिल्म नहीं चली तो वह इंडस्ट्री छोड़ देंगे। तब गीता ने उनका हौसला बढ़ाते हुए कहा कि एक दिन आप बहुत बड़े स्टार बनेंगे। एक्ट्रेस के मुंह से निकली यह बात सच साबित हुई और फिल्म 'तुमसा नहीं देखा'करियर की बहुत बड़ी हिट साबित हुई।
शम्मी कपूर ने ‘प्यार किया तो डरना क्या’, ‘कश्मीर की कली’, ‘जानवर’, ‘तीसरी मंजिल’ जैसी बहुत सी फिल्मों में काम किया। शम्मी के अनोखे अंदाज का हर कोई दीवाना था। हालांकि तमाम लोगों ने उनकी नकल करने की कोशिश की, लेकिन शम्मी जैसा कोई दूसरा नहीं आया।
मृत्यु
फिल्मों में अभिनय की छाप छोड़ने वाले शम्मी कपूर ने 14 अगस्त 2011 को क्रॉनिक किडनी फेल्योर के कारण इस दुनिया को हमेशा को अलविदा कह दिया था। फिल्मी दुनिया में शम्मी कपूर का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा