By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 29, 2026
बाजार विश्लेषकों का कहना है कि इस सप्ताह शेयर बाजार की दिशा विदेशी निवेशकों के रुख, कच्चे तेल की चाल, वृहद आर्थिक आंकड़ों और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ब्याज दर नीति से तय होगी। पिछले सप्ताह भारतीय शेयर बाजार में लगातार चार हफ्ते से जारी तेजी थम गई। बैंकिंग शेयरों में कमजोरी और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों से बाजार पर दबाव रहा।
इसके अलावा, आरबीआई की मौद्रिक नीति के फैसले से पहले निवेशक सतर्क दिखे और उन्होंने मुनाफावसूली की। रेलिगेयर ब्रोकिंग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजीत मिश्रा ने कहा, दो से चार दिसंबर तक होने वाली आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की बैठक प्रमुख घरेलू घटनाक्रम होगी। नीतिगत निर्णय की घोषणा शुक्रवार, चार दिसंबर को होनी है।
घरेलू आर्थिक आंकड़ों पर भी बाजार की नजर बनी रहेगी, विशेष रूप से सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर और अक्टूबर के औद्योगिक उत्पादन के आंकड़ों पर। नवंबर के विनिर्माण, सेवा और समग्र पीएमआई आंकड़े आर्थिक गतिविधियों की रफ्तार के बारे में और स्पष्ट संकेत देंगे। उन्होंने कहा कि भू-राजनीतिक मोर्चे पर होने वाले घटनाक्रम और कच्चे तेल की कीमतों से भी बाजार की धारणा प्रभावित होगी।
कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से जुड़े शेयरों में वैश्विक स्तर पर बिकवाली और घरेलू कंपनियों की आय में मजबूत वृद्धि के चलते विदेशी निवेशकों ने नवंबर में भारतीय शेयर बाजार में रिकॉर्ड 1.54 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया है, जो अब तक का सबसे अधिक मासिक निवेश है। ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा, हालिया तेजी पर विराम लगने के बाद भारतीय शेयर बाजार आगामी सप्ताह में प्रवेश कर रहा है, जहां प्रमुख समर्थन स्तरों को बनाए रखने की बाजार की क्षमता ही अगली दिशा तय करेगी। वैश्विक घटनाक्रमों का असर बना रहेगा।
उन्होंने कहा कि घरेलू मोर्चे पर बाजार का ध्यान चार दिसंबर को आने वाले आरबीआई के मौद्रिक नीति निर्णय पर केंद्रित होगा, जहां निवेशक मुद्रास्फीति, मुद्रा पर दबाव और तरलता की स्थिति को लेकर केंद्रीय बैंक के आकलन पर बारीकी से नजर रखेंगे। पिछले सप्ताह बीएसई का मानक सूचकांक सेंसेक्स 580.45 अंक यानी 0.69 प्रतिशत गिर गया, जबकि एनएसई निफ्टी में 193.4 अंक यानी 0.74 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।