चेन्नई में होनी थी सियासी बैठक, मां की बिगड़ी तबीयत ने बदला MK Stalin का कार्यक्रम

By एकता | Nov 29, 2026

परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी दलों के बीच मतभेद दूर करने की कांग्रेस की कोशिश तेज हो गई है। डीएमके के सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयकों का समर्थन करने के फैसले के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को पार्टी प्रमुख एमके स्टालिन से मिलने का ऐलान किया। राहुल गांधी ने कहा कि इंडिया गठबंधन के वरिष्ठ नेता चेन्नई जाकर स्टालिन से मुलाकात करेंगे और उनसे विधेयक का विरोध करने की अपील करेंगे।

हालांकि, विपक्षी नेताओं से मुलाकात से पहले एमके स्टालिन अपनी मां से मिलने अस्पताल पहुंचे। उनकी मां की हालत नाजुक बताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्टालिन के शाम करीब 4 बजे विपक्षी नेताओं से मिलने की संभावना थी। डीएमके सांसद कनिमोझी के भी दोपहर 3 बजे तक चेन्नई पहुंचने की जानकारी दी गई थी।

राहुल गांधी ने एक्स पर क्या लिखा?

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर चेन्नई दौरे की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि इंडिया गठबंधन के वरिष्ठ नेता उनके साथ चेन्नई जा रहे हैं। वे एमके स्टालिन और डीएमके से परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों का विरोध करने की अपील करेंगे। राहुल गांधी ने दावा किया कि लोकसभा में सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने से देश का लोकतंत्र खतरे में पड़ जाएगा। उनके मुताबिक, इससे बीजेपी और आरएसएस को अपने राजनीतिक फायदे के लिए देश का पूरा चुनावी नक्शा बदलने का मौका मिल सकता है।

राहुल गांधी ने स्टालिन की राजनीतिक भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि वे हमेशा तमिल विरोधी ताकतों के खिलाफ मजबूती से खड़े रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रीय हित, तमिलनाडु के हित और संविधान की रक्षा के लिए इस विधेयक को हराने में विपक्ष का साथ देने की अपील की। कांग्रेस इस मुद्दे पर विपक्षी दलों के बीच सहमति बनाने की कोशिश कर रही है। इसी सिलसिले में इंडिया गठबंधन के नेताओं की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार से मुंबई में मुलाकात भी प्रस्तावित है।

इसे भी पढ़ें: Rahul Gandhi की अपील पर MK Stalin का दोटूक जवाब, बोले- तमिलनाडु के हितों से पीछे नहीं हटेंगे

एमके स्टालिन ने राहुल गांधी को दिया जवाब

राहुल गांधी की अपील पर एमके स्टालिन ने भी एक्स पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा में डीएमके की भूमिका को स्वीकार करने के लिए राहुल गांधी का आभार जताया। स्टालिन ने कहा कि डीएमके ने हमेशा तमिलनाडु और तमिल लोगों के हितों को सबसे ऊपर रखकर फैसले लिए हैं। उन्होंने साफ किया कि इस रास्ते से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

अपने जवाब में स्टालिन ने दो ऐतिहासिक नामों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि इतिहास उन्हें ‘एट्टाप्पन’ नहीं, बल्कि ‘कट्टाबोम्मन’ के रूप में याद रखेगा। कट्टाबोम्मन को अंग्रेजों के खिलाफ लड़ने वाले वीर योद्धा के रूप में याद किया जाता है, जबकि एट्टाप्पन शब्द का इस्तेमाल गद्दार के अर्थ में किया जाता है।

इसे भी पढ़ें: Delimitation Bill 2026 पर अपनों को मनाने निकली Congress, आज स्टालिन-पवार से होगी बात

डीएमके ने क्यों किया परिसीमन विधेयक का समर्थन?

डीएमके ने शनिवार को केंद्र सरकार के संशोधित परिसीमन प्रस्ताव का समर्थन करने का फैसला किया था। पार्टी का कहना है कि सरकार ने तमिलनाडु की लोकसभा सीटों में हिस्सेदारी सुरक्षित रखने से जुड़ी उसकी मांगों को स्वीकार किया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, डीएमके ने मांग की थी कि सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में समान अनुपात से बढ़ोतरी हो और अगले 25 साल तक 1971 की जनगणना को आधार बनाए रखा जाए। पार्टी का दावा है कि सरकार ने इन मांगों को प्रस्ताव में शामिल किया है।

यही वजह है कि कांग्रेस अब डीएमके को अपना फैसला बदलने और विपक्ष के साथ मिलकर विधेयक का विरोध करने के लिए मनाने की कोशिश कर रही है। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होना है, जिसमें सरकार इन विधेयकों को पेश कर सकती है।

प्रमुख खबरें

RBI MPC बैठक और विदेशी निवेश तय करेंगे Share Market की चाल

RSS प्रमुख Mohan Bhagwat बोले, हर भारतीय एक कुटुंब का हिस्सा

Shah Rukh Khan बोले- King का लॉजिक भले अजीब लगे, लेकिन यह कमर्शियल एंटरटेनर है, रिलीज हुआ नया गाना

अभिषेक बनर्जी ने Lok Sabha Speaker को लिखा पत्र, 20 बागी सांसदों के मतदान पर रोक की मांग