By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 22, 2017
नयी दिल्ली। अभिनेता और भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने ‘‘पद्मावती’’ विवाद को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सूचना एवं प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी और अहम बॉलीवुड कलाकारों की चुप्पी पर सवाल उठाया है। सिन्हा अक्सर नोटबंदी जैसे मुद्दों पर पार्टी के आधिकारिक रुख से विपरीत राय रखते रहे हैं। उन्होंने अमेरिकी थिंक टैंक प्यू रिसर्च सेंटर के हाल के एक सर्वेक्षण के संदर्भ में ट्विटर पर कहा, ‘‘ऐसा कैसे है कि हमारी सूचना और प्रसारण मंत्री या हमारे सबसे लोकप्रिय माननीय प्रधानमंत्री (पीईडब्ल्यू के अनुसार) इतने खामोश हैं। अब वक्त आ गया है!’’ पटना साहिब सीट से भाजपा के सांसद सिन्हा ने यह भी पूछा कि अमिताभ बच्चन, शाहरूख खान और आमिर खान, संजय लीला भंसाली की फिल्म को लेकर उठे विवाद पर चुप क्यों हैं?