By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 26, 2026
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में बुधवार को एक कार के अनियंत्रित होकर खाई में गिर जाने से दो महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस दुखद हादसे पर गहरा शोक जताया है।
पुंछ के उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा ने पीटीआई-को बताया, आज शाम एक दुखद हादसा हुआ, जिसमें छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि हादसे के तुरंत बाद बचाव अभियान शुरू किया गया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा शाम करीब साढ़े पांच बजे हुआ, जब एक कार (मारुति ईको) सेरी चौहाना गांव की ओर जा रही थी।
रास्ते में चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कार सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी, जिससे छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मोहम्मद शफीक (32), नजाकत हुसैन (34), शिराज अहमद (30), मोहम्मद फरीद (21), मुसर्रत नाज (19) और जुल्फत बी (25) के रूप में हुई है। अधिकारियों के अनुसार, हादसे में पांच वर्षीय इरशान अहमद, मोहम्मद अमीन (30) और ताहिर अहमद (25) घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल पुंछ ले जाया गया।
गंभीर रूप से घायल बच्चे को बेहतर इलाज के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है। पुंछ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. परवेज खान ने बताया कि पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) के माध्यम से दुर्घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस सेवा, अतिरिक्त एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन संसाधनों को तुरंत मौके पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि चार पुरुषों और दो महिलाओं के शवों को जिला अस्पताल लाया गया है।
उपराज्यपाल (एलजी) सिन्हा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, पुंछ में हुए दुखद सड़क हादसे में लोगों की मौत से बेहद दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
जिला प्रशासन को प्रभावितों को तुरंत सहायता मुहैया कराने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने भी एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि उमर अब्दुल्ला ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है, पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है और अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। पोस्ट में कहा गया कि सीएमओ हर संभव मदद पहुंचाने के लिए संबंधित अधिकारियों के लगातार संपर्क में है।