By रेनू तिवारी | Jun 26, 2019
बॉलीवुड में शिल्पा शेट्टी एक्टिंग के साथ-साथ अपनी फिटनेस के लिए भी जानी जाती हैं। वह सालों से योग कर रही हैं। अपनी फिटनेस का क्रेडिट शिल्पा ने हमेशा से योग को दिया है। शिल्पा ने 43 साल की उम्र में भी अपने आप को इस तरह से मैनटेन कर रखा है जिससे वो आज की एक्ट्रेस को भी टक्कर दे सकती हैं। शिल्पा की स्किन बिना मेकअप के भी काफी ग्लो करती है। बॉडी की फिटनेस के साथ-साथ शिल्पा ने अपनी खूबसूरती को भी बरकरार रखा है।
योग के फायदे को आप इस तरह से भी समझ सकते है, जहां 30 की उम्र के बाद पहले बॉलीवुड की एक्ट्रेस को काम मिलना बंद हो जाता था वहीं शिल्पा ने अपनी 43 साल की उम्र मे कभी काम से ब्रेक नहीं लिया। वो शादी और बच्चे होने के बाद भी लगातार काम करती रहीं क्योंकि वह एक्टिव हैं। योग आपके आलस को आपसे कोसों दूर करता है। आज शिल्पा कई शो करती हैं। वक्त के बदलते दौर को भी शिल्पा ने बखूबी समझा और टीवी से लेकर डिजिटल के हर प्लेटफॉर्म पर शिल्पा हमें नजर आती हैं। समय के साथ चलना और दूर की चीजों को समझने की क्षमता शिल्पा में है। इस तरह की बुद्धि हर किसी में विकसित की जा सकती है अगर वह अपनी दिनचर्या को सुधार ले। आज जिस तरह का लाइफस्टाइल है उसने जीवन को बर्बादी की दिशा की ओर बढ़ा दिया है। न वक्त से सोना न वक्त से उठना, 35 से 40 वर्ष में शरीर बीमारियों का गढ़ बन जाता है। शिल्पा हमेशा कहती हैं कि अगर हम योग करना और ध्यान लगाना शुरू कर दें तो अधिकतर बीमारियों से निजात पा सकते हैं।
शिल्पा शेट्टी की अगर आप डाइट देखेंगे तो तेल, घी- मक्खन, जंक फूड, चॉकलेट, मिठाई, वो हर चीज पेट भर कर खाती हैं, इसके लिए आप उनका इंस्टाग्राम देख सकते हैं। वो खाने के मामले में कभी किसी भी चीज से परहेज नहीं करती लेकिन तब भी हमेशा फिट रहती है। इस फिटनेस का कारण योग और उनके मन पर उनका कंट्रोल होना ही है।