By अंकित सिंह | Sep 12, 2025
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती को एक ज्ञापन सौंपकर शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत के खिलाफ कथित भड़काऊ बयानों के लिए कड़ी कार्रवाई की मांग की। भारती से मिले शिवसेना प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि राउत ने नेपाल में हाल ही में हुई हिंसा का एक वीडियो प्रसारित करके और भारत में भी ऐसी ही अशांति होने की चेतावनी देकर अराजकता भड़काने और अप्रत्यक्ष रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धमकी देने का प्रयास किया है।
वहीं, शिवसेना नेता संजय निरुपम ने नेपाल में जारी नागरिक अशांति के सिलसिले में सोशल मीडिया पर ‘‘देश-विरोधी’’ टिप्पणी करने के लिए शिवसेना (उबाठा) के नेता संजय राउत के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की मांग की। वर्सोवा पुलिस को लिखे एक पत्र में, निरुपम ने आरोप लगाया कि राउत ने कहा था कि इसी तरह की अशांति भारत में भी फैल सकती है। निरुपम ने कहा, ‘‘इस तरह के बयान का मकसद नागरिकों में भय पैदा करना है और ऐसी टिप्पणी देश के हितों के खिलाफ बयानबाजी के समान है। राउत की टिप्पणी असंवैधानिक, खतरनाक और अस्थिरता को बढ़ावा देने वाली है। पुलिस को राउत के खिलाफ उनकी देश-विरोधी टिप्पणी के लिए आपराधिक मामला दर्ज करना चाहिए।’’