चैनल पर प्रतिबंध का विरोध राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ः शिवसेना

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 08, 2016

मुंबई। शिवसेना ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के हिंदी चैनल पर पाबंदी के आदेश को स्थगित करने के फैसले का स्वागत करते हुए आज कहा है कि एनडीटीवी इंडिया पर एक दिन की पाबंदी के मुद्दे का राजनीतिकरण करने वाले राष्ट्र की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। पार्टी के मुखपत्र सामना के संपादकीय में कहा गया है, ‘‘एनडीटीवी इंडिया पर पाबंदी के आदेश को स्थगित करने के फैसले का हम स्वागत करते हैं। लेकिन इस बात की चिंता जरूर है कि इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने वाले राष्ट्र की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।’’

कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए सामना के संपादकीय में कहा गया है कि इस पार्टी के नेताओं को तो आजादी की बात करनी ही नहीं चाहिए क्योंकि आपातकाल के दौरान इसी पार्टी ने हर तरह की आजादी का ‘‘गला घोंट’’ दिया था। इसमें कहा गया है, ‘‘राष्ट्रीय सुरक्षा के नाम पर सेंसरशिप थोप दी गई थी और कई संपादकों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया था। कई अखबारों को कामकाज बंद करना पड़ा था।’’

गौरतलब है कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने एनडीटीवी इंडिया पर पाबंदी लगाने के अपने दो नवंबर के आदेश पर सोमवार को रोक लगा दी थी। प्रसारणकर्ता ने पाबंदी के फैसले पर पुनर्विचार का अनुरोध किया था, जिसके बाद यह स्थगन आदेश आया है। पाबंदी के आदेश की चहुंओर आलोचना हुई थी। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक एनडीटीवी के सह अध्यक्ष प्रणव रॉय ने सोमवार को सूचना एवं प्रसारण मंत्री एम वैंकया नायडु से मुलाकात कर आदेश से संबंधित मसले पर चर्चा की थी। मंत्री ने कहा है कि एनडीटीवी के नेतृत्व ने उनसे अपील की थी जिसके बारे में उन्होंने कहा कि इस पर विचार करेंगे, बाद में प्रक्रिया पूरी होने तक सरकारी आदेश को स्थगित करने का फैसला लिया।

प्रमुख खबरें

Attica Gold पर ED का एक्शन, चोरी का सोना खरीदने के आरोप में 16 ठिकानों पर तलाशी

विपक्ष की आलोचनाओं से नहीं पड़ता फर्क, DMK पर सवाल जारी रहेंगे: Vijay

Badrinath में संगीत कार्यक्रम पर Murli Manohar Joshi ने जताई आपत्ति, रोक लगाने की मांग

UNGA में Shehbaz Sharif ने अलापा कश्मीर राग, Donald Trump के हस्तक्षेप का किया दावा