By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 27, 2020
मुंबई। शिवसेना सांसद संजय जाधव ने महाराष्ट्र के परभणी जिले में एपीएमसी के गैर आधिकारिक प्रशासनिक बोर्ड में राकांपा को प्रतिनिधित्व देने के विरोध में लोकसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। पार्टी सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। जाधव ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एवं शिवेसना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे को पत्र के जरिये अपना इस्तीफा भेज दिया है। शिवसेना सूत्रों ने बताया कि ठाकरे ने जाधव से अपना इस्तीफा वापस लेने को कहा है। परभणी से लोकसभा सदस्य जाधव ने ठाकरे को जो इस्तीफा भेजा है उसपर 25 अगस्त की तारीख है। इसमें कहा गया है कि वह परभणी जिले के जींतुर स्थित कृषि उत्पाद बाजार समिति (एपीएमसी) बोर्ड में शिवसैनिक को नियुक्त करने का मुद्दा उठा रहे हैं लेकिन दूसरी बार यह पद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) को चली गई। जब इस बारे में पूछा गया तो शिवसेना के सूत्र ने कहा, ‘‘ यह बड़ा मुद्दा नहीं है। उद्धवजी ने जाधव से फोन पर बात की है और पत्र वापस लेने को कहा है।’’