सपनों के शहर में शिवराज का चुनावी रोड शो, जनता से मांगे वोट

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 22, 2018

इंदौर। मध्यप्रदेश में लगातार चौथी बार विधानसभा चुनाव जीतने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रही सत्तारूढ़ भाजपा की चुनावी यात्रा रविवार को सूबे की आर्थिक राजधानी इंदौर पहुंची। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रोडशो करते हुए मतदाताओं से समर्थन मांगा। चश्मदीद लोगों ने बताया कि भाजपा की "जन आशीर्वाद यात्रा" के तहत शिवराज शहर के वैशाली नगर से अपने चुनावी रथ (विशेष वाहन) में सवार हुए। यह रथ शहर के अलग-अलग इलाकों से गुजरा। 

चुनावी मुहिम पर निकले मुख्यमंत्री रोडशो के दौरान अधिकांश समय रथ की लिफ्ट पर दिखायी दिये। उन्होंने हाथ हिलाकर और हाथ जोड़कर जनता का अभिवादन किया। भाजपा ने 28 नवम्बर को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिये फिलहाल अपने उम्मीदवार घोषित नहीं किये हैं। लिहाजा चुनावी टिकट के कई स्थानीय दावेदारों ने शिवराज के रोड शो के रास्ते में जगह-जगह अपने स्वागत मंच लगाकर मुख्यमंत्री के सामने शक्ति प्रदर्शन किया। 

इंदौर, भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आसन्न विधानसभा चुनावों के मद्देनजर छह अक्टूबर को पार्टी के "महा जन सम्पर्क अभियान" की शुरूआत इंदौर से ही की थी। इंदौर की शहरी सीमा में विधानसभा की कुल पांच सीटें हैं। वर्ष 2013 के पिछले विधानसभा चुनावों में भाजपा ने पांचों सीटें जीती थीं। 

यह भी पढ़ें:- मध्य प्रदेश में अपने 78 MLAs के टिकट काटेगी BJP, CM शिवराज बुधनी सीट छोड़ेंगे !

कांग्रेस का शिवराज पर पलटवार

उधर, कांग्रेस ने इंदौर में शिवराज के रोड शो पर निशाना साधा। प्रदेश कांग्रेस के एक प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री अक्सर अपने भाषणों में इंदौर को उनके "सपनों का शहर" बताते हैं। लेकिन इस शहर में मेट्रो रेल परियोजना पिछले 11 साल से लम्बित है और सत्तारूढ़ भाजपा इस बार भी विधानसभा चुनावों के दौरान मतदाताओं को मेट्रो रेल के नाम पर कथित रूप से भरमाने की कोशिश कर रही है। 

कांग्रेस प्रवक्ता ने इंदौर में कम उम्र की लड़कियों से बलात्कार की घटनाओं को लेकर कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाये। उन्होंने सत्तारूढ़ भाजपा पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि वह आपराधिक तत्वों को "खुला संरक्षण" दे रही है।

 

प्रमुख खबरें

टीम इंडिया में बड़ा फेरबदल: गिल बाहर, टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले चयनकर्ताओं का चौंकाने वाला फैसला

भारत का 1 ट्रिलियन डॉलर निर्यात लक्ष्य मुश्किल, वैश्विक मंदी बनी बड़ी चुनौती

Odisha में माओवादी शीर्ष नेता गणेश उइके ढेर, गृह मंत्री अमित शाह बोले - नक्सल मुक्त भारत की ओर बड़ा कदम

17 साल बाद लौटे तारिक रहमान, बांग्लादेश की राजनीति में लोकतंत्र की रक्षा का नया दांव